Home rss world hindi ‘शायद जिंदा वापस न लौटूं’, इमरान खान ने पाकिस्तान के बड़े जजों...

‘शायद जिंदा वापस न लौटूं’, इमरान खान ने पाकिस्तान के बड़े जजों को लिखी चिट्ठी, मांगी मदद

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट, फेडरल कॉन्स्टिट्यूशनल कोर्ट और इस्लामाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों को संबोधित इस पत्र में खान ने तुरंत मेडिकल हेल्प और मानवीय हस्तक्षेप की गुहार लगाई है।

रावलपिंडी की अडियाला जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने देश के शीर्ष न्यायाधीशों को एक भावुक और बेहद गंभीर खुला खत लिखा है। 16 नवंबर की तारीख वाले इस पत्र में उन्होंने अपनी बिगड़ती सेहत, लंबे समय तक एकांतवास में रखे जाने और अदालती आदेशों के बावजूद इलाज न मिलने की शिकायत की है।

पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट, फेडरल कॉन्स्टिट्यूशनल कोर्ट और इस्लामाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों को संबोधित इस पत्र में खान ने तुरंत मेडिकल हेल्प और मानवीय हस्तक्षेप की गुहार लगाई है। उन्होंने लिखा, “71 साल की उम्र में यह लगातार जारी प्रताड़ना मुझे एक ऐसी जगह ले जा रही है, जहां से शायद मैं जिंदा वापस न लौट सकूं।” उन्होंने जजों से अपील की है कि बहुत देर होने से पहले वे इस मामले में दखल दें।

ब्रेन हैमरेज और कार्डियक अरेस्ट का खतरा

अपनी सेहत का हवाला देते हुए इमरान खान ने दावा किया कि 10 नवंबर को उनका ब्लड प्रेशर खतरनाक स्तर पर पहुंचते हुए 192 और 193 तक चला गया था। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी उनका बीपी 130, 150 और 170 को छू चुका है। खान के मुताबिक, डॉक्टरों ने उन्हें चेतावनी दी है कि इस स्थिति में उन्हें ब्रेन हैमरेज और कार्डियक अरेस्ट का गंभीर खतरा है।

दिन में 22 घंटे एकांतवास, परिवार और वकीलों से मिलने पर रोक

पूर्व प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि उन्हें दिन में 22 घंटे तक कालकोठरी में बंद रखा जाता है और बाहरी दुनिया से पूरी तरह काट दिया गया है। उन्हें किताबों, टेलीविजन और बुनियादी सुविधाओं से भी वंचित रखा गया है।

खान ने लिखा कि बिना किसी कारण के उनकी पत्नी के साथ होने वाली साप्ताहिक मुलाकातें बार-बार रद्द कर दी जाती हैं। उन्होंने बताया कि उनकी तीनों बहनें भी हिरासत में हैं, जबकि अदालती आदेश के बावजूद उनके बेटों- कासिम और सुलेमान को उनसे फोन पर बात करने की इजाजत नहीं दी जा रही है। इसके अलावा, पूरे एक साल में उन्हें अपने वकील से केवल चार बार ही मिलने दिया गया।

बुशरा बीबी की आंखों की रोशनी जाने का डर

इमरान खान ने अपनी पत्नी बुशरा बीबी की सेहत को लेकर भी गहरी चिंता जताई है। उन्होंने बताया कि अप्रैल 2026 में बुशरा बीबी को ‘रेटिनल डिटैचमेंट’ (आंख की समस्या) हुआ था, जिसके बाद उनकी आंख की एक जटिल सर्जरी हुई थी। खान का आरोप है कि सर्जरी के बाद उन्हें एकांतवास में डाल दिया गया और अब उन्हें देखने या आंखें खोलने में भी भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने आशंका जताई कि अगर जल्द ही एक और सर्जरी नहीं हुई, तो बुशरा बीबी अपनी आंखों की रोशनी खो सकती हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि बुशरा बीबी के मेडिकल रिकॉर्ड्स छिपाए जा रहे हैं।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लागू करने की मांग

इमरान खान ने अधिकारियों से सुप्रीम कोर्ट के 18 अगस्त 2026 के आदेश को तुरंत लागू करने की मांग की है। उस आदेश में तीन जजों की बेंच ने जेल की मेडिकल रिपोर्ट देखने के बाद निर्देश दिया था कि खान को दो दिनों के भीतर ‘शिफा इंटरनेशनल अस्पताल’ में शिफ्ट किया जाए, हृदय रोग विशेषज्ञ और नेत्र विशेषज्ञ वाला एक मेडिकल बोर्ड बनाया जाए, हर हफ्ते परिवार से मुलाकात कराई जाए और हफ्ते में दो बार उनके बेटों से फोन पर बात कराई जाए।

खान ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का यह आदेश अब तक लागू नहीं किया गया है और मामला फिलहाल फेडरल कॉन्स्टिट्यूशनल कोर्ट में लंबित है। अन्य कानूनी मामलों को अपनी सेहत से ज्यादा प्राथमिकता दिए जाने पर सवाल उठाते हुए उन्होंने लिखा, “मैं माननीय जजों से कोई रियायत नहीं मांग रहा हूं। न्याय के तौर पर मेरी बस इतनी विनती है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों को लागू किया जाए और हमें उचित इलाज मुहैया कराया जाए।” पत्र के आखिर में उन्होंने फिर दोहराया कि बहुत देर होने से पहले उन्हें न्याय दिया जाए और उनकी व उनकी पत्नी की जान बचाई जाए।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN