Home World News hindi श्रीलंका की जेल में बवाल: कैदियों की हिंसक झड़प में 25 की...

श्रीलंका की जेल में बवाल: कैदियों की हिंसक झड़प में 25 की मौत, 100 घायल

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

श्रीलंका की नेगोम्बो जेल में कैदियों के दो गुटों के बीच हुई भीषण झड़प ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है। रविवार रात से शुरू हुई इस हिंसा में अब तक 25 कैदियों की मौत हो चुकी है और लगभग 100 लोग घायल हैं।

श्रीलंका की नेगोम्बो केंद्रीय जेल में रविवार रात से शुरू हुई कैदियों के दो गुटों के बीच हिंसक झड़प सोमवार को और भयावह रूप ले चुकी है। इस जेल कांड में अब तक 25 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि करीब 100 कैदी घायल हैं। बताया जा रहा है कि कोलंबो से मात्र 35 किलोमीटर दूर स्थित इस तटीय जेल में दोषी कैदियों और हिरासत कैदियों के बीच शुरू हुई यह झड़प पत्थरबाजी, लाठियों और अन्य हथियारों तक पहुंच गई। फिलहाल झड़प का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन जेल के अंदर तनाव अभी भी बना हुआ है।

जेल में अभी भी तनावपूर्ण माहौल

रॉयटर्स के अनुसार, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जेल के विभिन्न ब्लॉकों और आंतरिक हिस्सों को खाली कराने का काम तेजी से चल रहा है। सुरक्षा बल मृतकों और घायलों की सटीक संख्या और पहचान तय करने में जुटे हुए हैं। कई घायल कैदियों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें कोलंबो और आसपास के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। श्रीलंकाई सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर वारुणा गामेज ने बताया कि पुलिस को सहायता उपलब्ध कराने के लिए सेना से अनुरोध किया गया है। फिलहाल सैनिक स्टैंडबाय पर हैं और जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

भारी पुलिस बल तैनात

रिपोर्ट के अनुसार, जेल के मुख्य गेट के बाहर भारी संख्या में पुलिसकर्मी और राइफलधारी जवान तैनात कर दिए गए हैं। स्थानीय मीडिया फुटेज के अनुसार, एक पुलिस बस में कई घायल कैदी फर्श पर लेटे हुए नजर आए, जिनमें से कुछ के कपड़ों पर खून के निशान साफ दिख रहे थे। बस को जेल परिसर से अस्पताल की ओर रवाना होते देखा गया। यहां आपको बता दें कि नेगोम्बो जेल श्रीलंका की प्रमुख जेलों में से एक है, जहां ड्रग्स, हत्या और अन्य गंभीर अपराधों में दोषी कैदियों के साथ-साथ कई हिरासत कैदी भी रखे जाते हैं। पिछले कुछ वर्षों में इस जेल में क्षमता से ज्यादा कैदियों की वजह से कई बार तनाव की स्थिति उत्पन्न हो चुकी है।

ऐक्शन में सरकार

वहीं जेल के अंदर खूनी झड़प होने के बाद सरकार ऐक्शन में है। श्रीलंका सरकार के उच्चाधिकारियों ने घटना पर चिंता जताई है। गृह मंत्रालय के सूत्रों का कहना है कि पूरी घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच में जेल प्रशासन की लापरवाही, सुरक्षा व्यवस्था में खामी और झड़प के पीछे के असली कारणों का पता लगाया जाएगा। हालांकि अभी तक किसी गुट या व्यक्ति पर आरोप तय नहीं किया गया है, लेकिन जेल प्रशासन ने आंतरिक सुरक्षा बढ़ा दी है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN