Home rss world hindi सरोगेसी से पैदा कराए 21 बच्चे, नैनी से कराते बर्बरता, CCTV में...

सरोगेसी से पैदा कराए 21 बच्चे, नैनी से कराते बर्बरता, CCTV में देख कर होते थे खुश! पति-पत्नी गिरफ्तार

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

इस पूरे मामले की कड़ियां मई 2025 में उस समय जुड़नी शुरू हुईं जब दो महीने के एक नवजात शिशु को गंभीर सिर की चोट के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य के लॉस एंजेल्स काउंटी से एक दिल दहला देने वाला और अपनी तरह का अनूठा आपराधिक मामला सामने आया है। एक बेहद अमीर चीनी-अमेरिकी दंपत्ति- 65 साल के गुओजुन जुआन और 38 साल की उनकी पत्नी सिल्विया झांग पर सरोगेसी के जरिए 21 बच्चों का गिरोह इकट्ठा करने और उन्हें अपने 4 मिलियन डॉलर (33 करोड़ रुपए) के आलीशान घर में रख कर क्रूरता और प्रताड़ित करने और साजिश रचने के गंभीर आपराधिक आरोप दर्ज किए गए हैं। लॉस एंजेल्स काउंटी के डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी नेथन हॉचमैन ने इस आलीशान हवेली को ‘हॉरर हाउस’ करार दिया है।

कैसे हुआ इस ‘खौफनाक घर’ का पर्दाफाश?

इस पूरे मामले की कड़ियां मई 2025 में उस समय जुड़नी शुरू हुईं जब दो महीने के एक नवजात शिशु को गंभीर सिर की चोट के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अभियोजकों के अनुसार, 4 मई 2025 को उनके घर काम करने वाली एक नैनी चुनमेई ली ने दो महीने के बच्चे को बेरहमी से पीटा था। जुआन और झांग ने तुरंत अस्पताल ले जाने के बजाय दो दिनों तक मेडिकल सहायता नहीं ली और बाद में डॉक्टरों से झूठ बोला कि बच्चा बिस्तर से गिर गया था।

जब अर्काडिया पुलिस ने हवेली पर छापा मारा, तो उन्हें वहां लगे मोशन-डिटेक्टर कैमरों और सर्विलांस सिस्टम से चौंकाने वाले फुटेज मिले।

दंपति ने घर में तीन ‘लर्निंग सेंटर’ बना रखे थे, जहां आया बच्चों को रोजाना पीटती थीं। फुटेज में दिखा कि जब नैनी बच्चों को मारती थीं तो जुआन और झांग सर्विलांस स्क्रीन पर देखकर हंसते थे। एक फुटेज में जुआन ने खुद नैनी से बच्चे को और तेज मारने को कहा और खुद भी बच्चे के सिर पर थप्पड़ मारे।

21 सरोगेट बच्चे: ‘घोड़े बना कर दी जाती थी सजा

पुलिस की शुरुआती छापेमारी में 2 महीने से लेकर 13 साल तक के 15 बच्चों को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाल कल्याण अभिरक्षा में भेजा गया, जिनमें से ज्यादातर की उम्र 1 से 3 साल के बीच थी। बाद में जांचकर्ताओं ने दंपत्ति से जुड़े 6 और बच्चों को ढूंढा, जिससे कुल बच्चों की संख्या 21 हो गई।

बच्चों को कई घंटों तक डेस्क पर ‘घोड़े की तरह खड़े’ रहने के लिए मजबूर किया जाता था। नैनियों को हिदायत दी गई थी कि सजा इस तरह दी जाए कि शरीर पर कोई बाहरी निशान न दिखे।

जब पुलिस जांच के लिए पहुंची, तो दंपत्ति ने बच्चों और आया को पुलिस से झूठ बोलने और मारपीट में इस्तेमाल होने वाले डंडों को छिपाने की हिदायत दी थी।

आरोपी नैनी मेक्सिको के रास्ते चीन फरार

2 महीने के बच्चे को गंभीर चोट पहुंचाने वाली आरोपी नैनी चुनमेई ली के खिलाफ 105,000 डॉलर की जमानत राशि का गिरफ्तारी वारंट जारी है। पुलिस जांच में सामने आया है कि वह पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए मेक्सिको के तिजुआना के रास्ते चीन भाग गई है। उसकी तलाश में एफबीआई (FBI) और स्थानीय पुलिस जुटी हुई है।

कितनी लंबी हो सकती है जेल?

गुओजुन जुआन को दोष सिद्ध होने पर उन्हें राज्य जेल में अधिकतम 17 साल और 4 महीने की सजा हो सकती है। जबकि सिल्विया झांग को 11 साल और 8 महीने तक की जेल हो सकती है।

21 बच्चों को क्यों पैदा करवाया? सरोगेसी कानूनों पर छिड़ी बहस

जांच में सामने आया है कि जुआन और झांग ने अमरीका भर में ‘मार्क सरोगेसी’ नाम की एक संस्था का इस्तेमाल कर महिलाओं को गुमराह किया और दर्जनों बच्चों को सरोगेसी से जन्म दिलवाया।

कई सरोगेट माताओं ने अब सामने आकर कहा है कि उनसे परिवार की स्थिति के बारे में झूठ बोला गया था और अब वे उन बच्चों की कस्टडी लेने के लिए कानूनी लड़ाई लड़ रही हैं। अमरीका में इस घटना के बाद प्रजनन स्वास्थ्य, स्पर्म या एग डोनेट और सरोगेसी नियमों को सख्त बनाने की मांग तेज हो गई है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN