Home rss world hindi चले थे इस मुस्लिम देश का नामोनिशां मिटाने, अपनी ही भद्द पिटवा...

चले थे इस मुस्लिम देश का नामोनिशां मिटाने, अपनी ही भद्द पिटवा लिए डोनाल्ड ट्रंप? 31943 CR का नुकसान

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

नई रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल की शुरुआत में ईरान में युद्ध शुरू होने के बाद से अमेरिका ने कम से कम 81 मिलिट्री एयरक्राफ्ट और ड्रोन खो दिए हैं। इस नुकसान की कुल कीमत लगभग 3.3 अरब डॉलर है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए ईरान युद्ध एक बड़ा सिरदर्द बनकर उभरा है, जबकि ट्रंप को लगा था कि वो इजरायल के साथ मिलकर इस इस्लामिक गणतंत्र का नामोंनिशां मिटा देंगे। खबर है कि इस जंग में अमेरिका को करीब 31,943 करोड़ रुपये यानी 3.3 अरब डॉलर के 81 सैन्य विमानों की तबाही के रूप में बड़ा नुकसान उठाना पड़ा है। रिपोर्ट्स में कहा गया है कि ईरान की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में अमेरिका को 12 F-15E जेट और 45 MQ-9 ड्रोन समेत 81 मिलिट्री एयरक्राफ्ट का नुकसान हुआ है। कांग्रेसनल रिसर्च सर्विस की एक नई रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल की शुरुआत में ईरान में युद्ध शुरू होने के बाद से अमेरिका ने कम से कम 81 मिलिट्री एयरक्राफ्ट और ड्रोन खो दिए हैं। इस नुकसान की कुल कीमत लगभग 3.3 अरब डॉलर है।

नुकसान का यह दुर्लभ आधिकारिक ब्यौरा दिखाता है कि इसमें अमेरिका के कुछ सबसे एडवांस्ड युद्धक विमान शामिल हैं, जैसे F-35A लाइटनिंग II स्टील्थ फाइटर, F-15 जेट और MQ-9 रीपर ड्रोन। रिपोर्ट में कहा गया है कि हर F-15 जेट की कीमत 3 करोड़ डॉलर से ज़्यादा है, जबकि 45 MQ-9 रीपर ड्रोन में से हर एक की कीमत 3 से 5 करोड़ डॉलर के बीच होने का अनुमान है। अमेरिका के सबसे एडवांस्ड युद्धक विमानों में से एक, पांचवीं पीढ़ी के F-35A की कीमत 9.2 करोड़ डॉलर से ज्यादा है।

12 F-15E एयरक्राफ्ट का नुकसान

ईरान के खिलाफ जंग को ऑपरेशन एपिक फ्यूरी नाम दिया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, मिडिल ईस्ट में मिशन के दौरान अमेरिकी सेना ने 12 F-15E एयरक्राफ्ट, एक F-35A लाइटनिंग II फाइटर एयरक्राफ्ट, दो A-10 थंडरबोल्ट II ग्राउंड-अटैक एयरक्राफ्ट और सात KC-135 स्ट्रैटोटैंकर एरियल रीफ्यूलिंग एयरक्राफ्ट खो दिए। रिपोर्ट से पता चला कि 2 मार्च को कुवैत के ऊपर फ्रेंडली फायर में तीन F-15 जेट मार गिराए गए थे, और अगले महीने ईरान के ऊपर एक और जेट मार गिराया गया था। इसमें यह भी कहा गया है कि 9 और 10 सितंबर को जॉर्डन के मुवाफ़क साल्टी एयर बेस पर ईरान के हवाई हमलों के दौरान कम से कम आठ अन्य F-15E विमानों को भी मामूली नुकसान पहुंचा।

45 MQ-9 रीपर मल्टी-रोल अनक्रूड विमान भी खो दिए

इसके अलावा, अमेरिकी सेना ने एक E-3 सेंट्री एयरबोर्न अर्ली वॉर्निंग-एंड-कंट्रोल सिस्टम विमान, दो MC-130J कमांडो II स्पेशल ऑपरेशन्स विमान, एक HH-60W जॉली ग्रीन II कॉम्बैट सर्च-एंड-रेस्क्यू हेलीकॉप्टर, एक MQ-4C ट्राइटन हाई-ऑल्टिट्यूड लॉन्ग-एंड्योरेंस अनक्रूड (बिना पायलट वाला) विमान, तीन MQ-1 मल्टी-रोल अनक्रूड विमान और 45 MQ-9 रीपर मल्टी-रोल अनक्रूड विमान भी खो दिए। E-3 सेंट्री सर्विलांस प्लेन – जो बोइंग 707 एयरलाइनर पर आधारित एक पुराना लेकिन ज़रूरी प्लेटफॉर्म है – की कीमत 27 करोड़ डॉलर प्रति विमान है। एयर फ़ोर्स के अनुसार, 2015 तक अमेरिका के पास ऐसे केवल 32 विमान ही ऑपरेशन में थे।

व्हाइट हाउस और पेंटागन ने साधी चुप्पी

लड़ाई के दौरान, अमेरिका ने एक AH-64 अपाचे अटैक हेलीकॉप्टर, चार AH-6 लिटिल बर्ड लाइट अटैक हेलीकॉप्टर और एक MH-60 सी हॉक मैरीटाइम हेलीकॉप्टर भी खो दिया। रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि यह आंकड़ा बदल सकता है, क्योंकि कुछ कॉम्बैट जानकारी गोपनीय रहती है, सैन्य ऑपरेशन जारी रहते हैं, और कुछ घटनाओं की ज़िम्मेदारी तय करना मुश्किल होता है। इसमें यह भी कहा गया है कि मरम्मत के बाद कुछ क्षतिग्रस्त विमान सेवा में वापस आ सकते हैं। ईरान में अमेरिकी सेना द्वारा इस्तेमाल किए गए हथियारों की लागत भी एक महीने से कुछ ज़्यादा समय में 6 अरब डॉलर से ज़्यादा बढ़ गई है। कांग्रेस के बजट कार्यालय की नवीनतम रिपोर्ट में बताई गई 21.7 अरब डॉलर की लागत से बढ़कर अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुमान में यह 28.1 अरब डॉलर हो गई है। व्हाइट हाउस और पेंटागन ने अभी तक इन रिपोर्टों पर कोई टिप्पणी नहीं की है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN