Home LIFESTYLE NEWS HINDI सर्दियों का खजाना हैं ये 5 सब्जियां, कैंसर से बचाने में करती...

सर्दियों का खजाना हैं ये 5 सब्जियां, कैंसर से बचाने में करती हैं मदद! न्यूट्रीशनिस्ट से जानें फायदे

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

सर्दियों में मिलने वाली कुछ खास सब्जियां ऐसी हैं, जिनमें कैंसर से लड़ने वाले खास गुण पाए जाते हैं। न्यूट्रीशनिस्ट शिल्पा अरोड़ा ने ऐसी ही 5 सब्जियों को अपनी डाइट में शामिल करने की सलाह दी है। ये सब्जियां पोषक तत्वों से भरपूर होती हैं।

सर्दियों का मौसम शुरू होते ही बाजार में हरी और रंग-बिरंगी सब्जियों का ढेर लग जाता है। बथुआ, मेथी, पालक जैसी हरी सब्जियां इन दिनों खूब खाई जाती हैं, वहीं गाजर, मटर, कद्दू और आंवला भी बाजार में आने लगते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि सर्दियों में कुछ ऐसी खास सब्जियां भी आती हैं, जिनमें कैंसर से लड़ने वाले खास गुण पाए जाते हैं? जी हां, एंटीऑक्सिडेंट्स और दूसरे बायोएक्टिव कंपाउंड्स से भरपूर ये सब्जियां कैंसर के रिस्क को कम करने के साथ-साथ शरीर से टॉक्सिन्स रिमूव करने का करती हैं। जानी-मानी न्यूट्रीशनिस्ट शिल्पा अरोड़ा ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए ऐसी ही 5 सर्दियों की खास सब्जियों के बारे में बताया है। अब सर्दियां शुरू होने की वाली हैं, तो इन्हें अपनी और अपने परिवार की डाइट में जरूर शामिल करें।

काली गाजर को बनाएं डाइट का हिस्सा

सर्दियों में आने वाली खास सब्जियों में से एक है काली गाजर। न्यूट्रीशनिस्ट बताती हैं कि इसमें एंथोसायनिन नाम का एक शक्तिशाली एंटीऑक्सिडेंट भरपूर मात्रा में पाया जाता है, जो इसे इसका गहरा बैंगनी रंग देता है। ये एंटीऑक्सीडेंट शरीर को ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से बचाता है, साथ ही अपने एंटी इंफ्लेमेटरी के गुणों के चलते कैंसर से बचाव में भी मदद करता है।

पोषक तत्वों से भरपूर है शकरकंद

सर्दियों में मिलने वाली शकरकंद सिर्फ स्वादिष्ट ही नहीं, पोषक तत्वों से भरपूर भी होती है। इसमें बीटा कैरोटीन, फाइबर और विटामिन सी जैसे पोषक तत्व मौजूद होते हैं। वहीं इसमें एंटीऑक्सीडेंट्स और कुछ बायोएक्टिव कंपाउंड्स भी मौजूद होते हैं, जो कैंसर का खतरा कम करने में भूमिका निभाते हैं। न्यूट्रीशनिस्ट सलाह देती हैं कि आप रोज शाम के स्नैक में शकरकंद की चाट बनाकर खा सकते हैं।

सर्दियों की खास मोटी लाल मिर्च

सर्दियों में मिलने वाली मोटी लाल मिर्च का इस्तेमाल अक्सर अचार बनाने में किया जाता है। इसमें कैप्साइसिन नाम का प्राकृतिक कंपाउंड पाया जाता है, साथ ही कैरोटीनॉयड और विटामिन C भी मौजूद होते हैं। इनके एंटी-ऑक्सीडेंट्स और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण कैंसर से बचाव में प्रभावी हो सकते हैं।

कद्दू का सूप बनाकर पीएं

न्यूट्रीशनिस्ट कहती हैं कि सर्दियों में कद्दू का सूप या सब्जी बनाकर खाना काफी फायदेमंद है। कद्दू में बीटा कैरोटीन मौजूद होता है, जो इसे नारंगी रंग देता है। इसके अलावा कद्दू में ल्यूटिन, जेक्सैंथिन और दूसरे कैरोटीनॉयड भी पाए जाते हैं, जो अपने एंटीऑक्सीडेंट्स गुणों के लिए जाने जाते हैं। ये शरीर को ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से बचाने में भूमिका निभाते हैं।

बथुआ का साग खाएं

सर्दियों में मिलने वाला बथुआ पोषक तत्वों से भरपूर होता है। न्यूट्रीशनिस्ट बताती हैं कि इसके हरे पत्तों में क्लोरोफिल भर-भर के होता है। साथ ही इसमें विटामिन ए, विटामिन सी, फोलेट और कई तरह के पॉलीफेनोल्स पाए जाते हैं। आप हफ्ते में 3 बार बथुआ का साग बनाकर खा सकते हैं। न्यूट्रीशनिस्ट कहती हैं कि ये शरीर में जमा टॉक्सिन्स को निकालने में मदद करता है।

नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसे किसी भी तरह से पेशेवर मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या मेडिकल कंडीशन से जुड़े सवालों के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर मौजूद यूजर-जनरेटेड कंटेंट पर आधारित है। लाइव हिन्दुस्तान ने इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है और न ही इनका समर्थन करता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN