Source :- LIVE HINDUSTAN
अहोई अष्टमी पर अहोई माता को भोग लगाने के लिए आटे के गुलगुले जरूर बनाए जाते हैं। वैसे तो इन्हें बनाना आसान होता है, लेकिन कई बार ये ठीक से फूलते नहीं या क्रिस्पी नहीं बनते। ऐसे में ये रेसिपी आपके बड़े काम आ सकती है।
अहोई अष्टमी का व्रत माताओं के लिए बेहद खास होता है। इस दिन वो अपनी संतान की लंबी उम्र के लिए पूरे दिन निर्जला व्रत रखती हैं, फिर रात में तारे देखकर अपना व्रत खोलती हैं। इस दिन पारंपरिक रूप से गुड़ के गुलगुले का प्रसाद बनाया जाता है, जिन्हें मीठे पुए भी कहा जाता है। आटे और गुड़ से बने मालपुए अहोई माता को भोग स्वरूप अर्पित किए जाते हैं। कहते हैं कि आटे के गुलगुले के बिना अहोई अष्टमी की पूजा अधूरी मानी जाती है। अगर आप भी अहोई अष्टमी का व्रत रख रही हैं, तो आटे के गुलगुले जरूर बनाएं। पुरी रेसिपी यहां हम आपके साथ शेयर कर रहे हैं। इस तरह गुलगुले एकदम फूले-फूले, बाहर से क्रिस्पी और अंदर से सॉफ्ट बनकर तैयार होंगे।
आटे के गुलगुले बनाने के लिए सामग्री
अहोई अष्टमी पर आटे के गुलगुले बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- 1 कप गुड़ (कटा हुआ या कद्दूकस किया हुआ), पानी (आधा कप), गेहूं का आटा (1 कप), सौंफ (1 चम्मच), इलायची पाउडर (1/4 चम्मच), बेकिंग सोडा (चुटकी भर), तलने के लिए तेल।
अहोई माता के भोग के लिए ऐसे बनाएं आटे के गुलगुले
स्टेप 1- गुड़ काटकर पैन में मेल्ट करें
सबसे पहले गुड़ के बड़े टुकड़ों को चाकू की मदद से छोटे टुकड़ों में काट लें या कद्दूकस कर लें। अब एक पैन में पानी गर्म करें और गुड़ डालकर पिघलने के लिए रख दें। गुड़ पिघलने पर पानी को छान लें, ताकि सारी गंदगी निकल जाए। फिर गुड़ के पानी को थोड़ा ठंडा होने के लिए रख दें।
स्टेप 2- गेहूं का आटा तैयार करें
एक बर्तन में गेहूं का आटा लें। अच्छी खुशबू और फ्लेवर के लिए थोड़ी सी साबुत सौंफ और इलायची का पाउडर एड करें। इसके बाद थोड़ा थोड़ा गुड़ का पानी डालते हुए एक स्मूद और गाढ़ा बैटर बनाकर तैयार कर लें। ध्यान रहे बैटर को पतला बिल्कुल नहीं करना है।
सीक्रेट टिप- गेहूं के आटे में चुटकी भर बेकिंग सोडा मिला दें। इससे गुलगुले एकदम फूले-फूले और अंदर से सॉफ्ट बनकर तैयार होंगे।
स्टेप 3- तेल में फ्राई करें गुलगुले
अब एक पैन में मीडियम फ्लेम पर तेल को गर्म होने के लिए रखें। जैसे ही तेल गर्म हो जाए, चम्मच से भरकर तेल में बैटर डालें और इन्हें गोल्डन ब्राउन और चारों तरफ से क्रिस्पी होने तक फ्राई कर लें। तेल से निकालने के बाद गुलगुलों को टिश्यू पेपर पर रखें, ताकि सारा एक्ट्रा ऑयल निकल जाए। आपके अंदर से सॉफ्ट, बाहर से क्रिस्पी और खाने के लाजवाब आटे की गुलगुले बनकर तैयार हैं।
ये छोटी-छोटी टिप्स भी ध्यान रखें
- आटे में गुड़ का पानी थोड़ा-थोड़ा कर के डालें, ताकि गांठ ना बनें।
- गुलगुले हमेशा मीडियम फ्लेम पर तलें। तेल आंच पर ये बाहर से जल्दी गोल्डन हो जाएंगे, लेकिन अंदर से कच्चे रह जाएंगे।
- बैटर को अच्छी तरह फेंटने से गुलगुले सॉफ्ट बनते हैं।
- गुड़ की मात्रा आप अपने स्वाद के हिसाब से एडजस्ट कर सकते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



