Source :- LIVE HINDUSTAN
कोई कहता है नॉर्मल नमक की जगह सेंधा नमक अच्छा होता है, तो कोई हिमालयन पिंक सॉल्ट या समुद्री नमक को अच्छा बताता है। आखिर डेली खाने के लिए सबसे अच्छा नमक है कौन सा? कन्फ्यूज हैं, तो आइए डॉक्टर की राय जानते हैं।
कोई भी डिश हो, उसमें नमक के बिना स्वाद नहीं आता। आप नमक कम खाते हों या ज्यादा, डेली कंज्यूम तो करते ही हैं। ऐसे में क्या कभी आपने सोचा है कि रोजाना खाने के लिए कौन सा नमक बेस्ट है? आजकल सोशल मीडिया की वजह से लोग इसे ले कर भी कन्फ्यूज होने लगे हैं। कोई नॉर्मल नमक की जगह सेंधा नमक खाता है, कोई फैंसी हिमालयन पिंक सॉल्ट को ज्यादा हेल्दी बताता है। इनमें से कई नमक तो काफी महंगे आते हैं, जिन्हें मिनरल्स और आयरन रिच बोलकर मार्केट किया जाता है। अब सवाल है कि रोज खाने के लिए भला सबसे अच्छा नमक कौन सा है? एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए डॉ अभिनव गर्ग ने नमक के कुछ प्रकारों को रेटिंग दी है और बताया है कि डेली यूज के लिए कौन सा बेस्ट है। आइए जानते हैं-
सेंधा नमक (5/10)
सेंधा नमक को डॉ अभिनव 10 में से 5 नंबर देते हैं। ये सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला नमक है। खासकर व्रत-उपवास के दौरान और बीपी के मरीजों के बीच ये काफी लोकप्रिय है। डॉक्टर बताते हैं कि सेंधा नमक में सोडियम की मात्रा नॉर्मल नमक जितनी ही होती है, साथ ही इसमें आयोडीन भी नहीं होता जो हेल्थ के लिए बहुत जरूरी है। इसमें मिनरल्स की मात्रा भी ना के बराबर हैं, इसलिए शरीर को कोई खास फायदा भी नहीं मिलता।
हिमालयन पिंक सॉल्ट (3/10)
डॉक्टर कहते हैं कि ये सबसे ज्यादा मार्केटिंग वाला नमक है। इसे वेलनेस, डिटॉक्स और 84 मिनरल्स कह कर महंगे दामों पर बेचा जाता है। जबकि सिर्फ थोड़ा सा आयरन पाने के लिए आपको 1 किलो नमक खाना पड़ेगा, जो मुमकिन नहीं है। इसलिए डॉक्टर इसे 10 में से सिर्फ 3 नंबर देते हैं।
काला नमक (6/10)
काला नमक को 10 में से 6 की रेटिंग मिलती है। डॉक्टर कहते हैं कि सल्फर कंपाउंड्स की वजह से ये स्वाद में काफी अच्छा होता है। लेकिन कई लोग इसे गैस, एसिडिटी या पाचन में फायदेमंद मानकर लेते हैं, जो सच नहीं है। काला नमक रेगुलर यूज के लिए नहीं है, इसे आप कभी-कभार छाछ, रायता या सलाद में डालकर खा सकते हैं।
समुद्री नमक (5/10)
समुद्री नमक यानी सी सॉल्ट को 10 में से 5 की रेटिंग मिलती है। डॉक्टर कहते हैं कि ये सुनने में नेचुरल और प्रीमियम लगता है, लेकिन इसमें सोडियम नॉर्मल नमक जितना ही होता है। साथ ही इसमें ट्रेस मिनरल्स ना के बराबर होते हैं और आयोडीन भी मिसिंग होता है। इसके अलावा समुद्री नमक में माइक्रोप्लास्टिक मिलने का खतरा भी रहता है।
लो सोडियम लाइट सॉल्ट (8/10)
इस नमक में सोडियम क्लोराइड के कुछ हिस्से को पोटेशियम से रिप्लेस कर दिया जाता है, जो ब्लड प्रेशर और हार्ट के मरीजों के लिए अच्छा है। लेकिन किडनी से जुड़ी परेशानियां, हाई पोटेशियम और कुछ खास दवाइयां लेने वाले मरीजों को बिना डॉक्टर की सलाह के इसका इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। डॉक्टर इसे 10 में से 8 नंबर देते हैं।
खड़ा नमक (6/10)
डॉक्टर कहते हैं कि खड़ा नमक (क्रिस्टल सॉल्ट) रेगुलर नमक से थोड़ा कम प्रोसेस्ड हो सकता है, लेकिन इसके कोई खास पोषण संबंधी फायदे नहीं हैं। इसलिए इसे डॉक्टर 10 में से 6 रेट करते हैं।
रेगुलर नमक (9/10)
रेगुलर नमक को डॉक्टर 10 में से 9 नंबर देते हैं। डॉक्टर के मुताबिक डेली खाने के लिए ये सबसे अच्छी चॉइस में से एक है। सरकारी गाइडलाइन्स के तहत सारी कंपनी अपने नमक में आयोडीन मिलाती हैं, जो थायरॉइड और ब्रेन डेवलपमेंट के लिए बेहद जरूरी है। डॉ अभिनव सलाह देते हैं कि बीपी, वेलनेस, मिनरल्स और ट्रेंड्स के चक्कर में इसे दूसरे नमक से रिप्लेस करना बंद करें। रोजाना रेगुलर नमक खाएं, बस कभी-कभार आप इसे दूसरे सॉल्ट के साथ रिप्लेस कर सकते हैं।
नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसे किसी भी तरह से पेशेवर मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या मेडिकल कंडीशन से जुड़े सवालों के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




