Home rss business hindi ₹42 तक जा सकता यह शेयर? क्या कहते हैं एक्सपर्ट अभी...

₹42 तक जा सकता यह शेयर? क्या कहते हैं एक्सपर्ट अभी ₹18.45 है भाव

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी (HCC) का शेयर एक बार फिर चर्चा में है
  • कंपनी के दूसरी तिमाही के नतीजे भले ही कमजोर रहे हों, लेकिन ब्रोकरेज फर्म वेंचुरा को आने वाले समय में कंपनी के कारोबार में सुधार की उम्मीद है

Hindustan Construction Company (HCC) Share: हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी (HCC) का शेयर एक बार फिर चर्चा में है। कंपनी के दूसरी तिमाही के नतीजे भले ही कमजोर रहे हों, लेकिन ब्रोकरेज फर्म वेंचुरा को आने वाले समय में कंपनी के कारोबार में सुधार की उम्मीद है। ब्रोकरेज ने HCC के शेयर पर ‘Buy’ रेटिंग दी है और 42 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है। वेंचुरा के मुताबिक, मौजूदा स्तर से अगले 24 महीनों में HCC के शेयर में करीब 127 फीसदी तक की तेजी आ सकती है। ब्रोकरेज का मानना है कि देश में इंफ्रास्ट्रक्चर पर बढ़ता खर्च और कंपनी के पास मौजूद बड़े प्रोजेक्ट्स आने वाले समय में इसके कारोबार को रफ्तार दे सकते हैं। हालांकि, ब्रोकरेज ने कंपनी में प्रमोटर्स की कम हिस्सेदारी को एक बड़ा जोखिम भी बताया है। इस बीच, आज शुक्रवार को कंपनी के शेयर 18.45 रुपये पर बंद हुए। इसमें 1.44% तक की गिरावट थी।

सरकार के बढ़ते खर्च से HCC को फायदा

वेंचुरा की रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026-27 में भारत सरकार ने इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च के लिए 12.2 लाख करोड़ रुपये का बजट रखा है। यह पिछले वित्त वर्ष के मुकाबले 9 फीसदी ज्यादा है। इस रकम का इस्तेमाल रेलवे, सड़क, डिफेंस, ऊर्जा और शहरी विकास जैसे सेक्टर्स में किया जाएगा। HCC को इन सेक्टर में काम करने का अच्छा अनुभव है। कंपनी हाइड्रोपावर, सुरंग बनाने, न्यूक्लियर प्रोजेक्ट्स, मेट्रो और ट्रांसपोर्ट से जुड़े बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम करती है। इस वजह से ब्रोकरेज को उम्मीद है कि आने वाले समय में कंपनी को नए ऑर्डर मिल सकते हैं।

HCC के दूसरी तिमाही के नतीजे

वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में HCC का परफॉर्मेंस कमजोर रहा। कंपनी की कंसोलिडेटेड आय सालाना आधार पर 6.7 फीसदी और पिछली तिमाही के मुकाबले 9.7 फीसदी घटकर 897 करोड़ रुपये रह गई। कंपनी के पास पुराने ऑर्डर बुक में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होने की वजह से रेवेन्यू पर असर पड़ा। वहीं, कंपनी का एबिटा भी सालाना आधार पर 30.4 फीसदी गिरकर 103 करोड़ रुपये रह गया। एबिटा मार्जिन में पिछले साल के मुकाबले 3.9 फीसदी की गिरावट आई और यह 11.5 फीसदी रहा। हालांकि, पिछली तिमाही के मुकाबले मार्जिन में 1 फीसदी का सुधार हुआ। कंपनी का मुनाफा भी काफी घट गया। दूसरी तिमाही में HCC का नेट प्रॉफिट 23 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की इसी तिमाही के मुकाबले 52.8 फीसदी कम है। कम अन्य आय, ज्यादा टैक्स और कुछ सहायक कंपनियों में ब्याज खर्च बढ़ने से भी मुनाफे पर असर पड़ा।

कंपनी के पास 12,901 करोड़ रुपये का ऑर्डर बुक

कमजोर नतीजों के बावजूद HCC के पास आने वाले समय के लिए बड़े प्रोजेक्ट्स की संभावनाएं हैं। कंपनी का मौजूदा ऑर्डर बुक 12,901 करोड़ रुपये है। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में कंपनी को 524 करोड़ रुपये के नए ऑर्डर मिले। हालांकि, हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट्स में ग्राहकों की तरफ से जरूरी मंजूरी मिलने में देरी के कारण नए ऑर्डर मिलने की रफ्तार धीमी रही। कंपनी को 2,010 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स में सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनी (L1) घोषित किया गया है। इसमें HCC की हिस्सेदारी 1,557 करोड़ रुपये है। इसके अलावा करीब 34,805 करोड़ रुपये के 16 प्रोजेक्ट्स के टेंडर का फैसला अभी बाकी है। इनमें HCC की संभावित हिस्सेदारी करीब 32,386 करोड़ रुपये है। कंपनी की योजना वित्त वर्ष 2026-27 के अंत तक अपने ऑर्डर बुक को करीब दोगुना करने की है। इसके लिए कंपनी के पास 85,907 करोड़ रुपये के संभावित प्रोजेक्ट्स की पाइपलाइन है।

कर्ज घटाने पर भी कंपनी का फोकस

HCC अपने ऊपर कर्ज का बोझ कम करने की दिशा में भी काम कर रही है। कंपनी ने दूसरी तिमाही में 100 करोड़ रुपये का कर्ज पहले ही चुका दिया है। अब दिसंबर 2026 तक 108 करोड़ रुपये का कर्ज और चुकाने की योजना है। इसके बाद मार्च 2027 में करीब 350 करोड़ रुपये का कर्ज चुकाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा कंपनी को सुप्रीम कोर्ट से भी राहत मिली है। कोर्ट ने HCC के पक्ष में 210 करोड़ रुपये के आर्बिट्रेशन अवॉर्ड को बरकरार रखा है। कंपनी को उम्मीद है कि यह रकम वित्त वर्ष 2026-27 की तीसरी तिमाही में मिल सकती है।

मेट्रो और हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट्स पर काम तेज

कंपनी के कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम आगे बढ़ रहा है। इंदौर मेट्रो प्रोजेक्ट में दोनों टनल बोरिंग मशीनों (TBM) ने सुरंग बनाने का काम शुरू कर दिया है। वहीं, पटना मेट्रो प्रोजेक्ट में काम शुरू करने की तैयारियां चल रही हैं। इसके अलावा भिवपुरी पंप्ड स्टोरेज प्रोजेक्ट (PSP), विष्णुगढ़ पीपलकोटी हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट और तपोवनविष्णुगढ़ हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट पर भी काम जारी है।

(डिस्क्लेमर: यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले सूझ-बूझ के साथ फैसला करें या फाइनेंशियल एडवायजर से सलाह ले लें। लाइव हिन्दुस्तान इस आधार पर शेयरों को खरीदने और बेचने की सलाह नहीं देता है।)var

SOURCE : LIVE HINDUSTAN