Source :- LIVE HINDUSTAN
https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/10/10/1200x900/Mr_India_1765361389475_1765361416835_1791627225516_VOJd_ba6b1b96-e199-4165-b65c-3eedba2c5543_Ajj0.png‘मिस्टर इंडिया’ एक ऐसी फिल्म थी, जिसे बच्चों ने ही नहीं, बल्कि बड़ों ने भी खूब पसंद किया। हाल ही में अनिल कपूर ने अपनी फिल्म ‘मिस्टर इंडिया’ के दिनों को याद किया।
बॉलीवुड के दिग्गज स्टार अनिल कपूर उन स्टार्स में से हैं, जिन्होंने अपने करियर में कई शानदार और सुपरहिट फिल्में दी हैं। अनिल की कई फिल्में ऐसी हैं, जिन्हें आज भी लोग भूल नहीं पाए हैं। इस लिस्ट में उनकी सुपरहिट फिल्म ‘मिस्टर इंडिया’ का नाम सबसे ऊपर है। ये एक ऐसी फिल्म थी, जिसे बच्चों ने ही नहीं, बल्कि बड़ों ने भी खूब पसंद किया। हाल ही में अनिल कपूर ने अपनी फिल्म ‘मिस्टर इंडिया’ के दिनों को याद किया। इस फिल्म में अनिल ने जो जैकेट पहनी थी, उसके पीछे का राज एक्टर ने 39 साल बाद बताया।
39 साल पहले वाले लुक में नजर आए अनिल
अनिल कपूर ने ‘इंडिया के टॉप 1%’ के सेट पर अपनी फिल्म ‘मिस्टर इंडिया’ के दिनों की यादें ताजा किया। उन्होंने वही कपड़े पहने जो उन्होंने 39 साल पहले ‘मिस्टर इंडिया’ में पहने थे। अनिल उसी कोट, शर्ट और ट्राउजर में नजर आएंगे जो उन्होंने 1987 में रिलीज हुई मशहूर फिल्म ‘मिस्टर इंडिया’ में पहने थे और उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने वह जैकेट कहां से खरीदी थी। अपने आइकॉनिक लुक को याद करते हुए अनिल ने कहा, ‘मैं कहूंगा कि शर्ट अभी भी मुझे फिट आती है, ट्राउजर भी फिट आते हैं और जैकेट भी। 39 साल बाद भी सब कुछ मुझे फिट आता है! टीम ने कहा कि काश हमें ‘मिस्टर इंडिया’ का कॉस्ट्यूम मिल पाता, और मैंने कहा कि मैंने उसे संभालकर रखा था।’
राज कपूर साहब ने की थी तारीफ
इस एपिसोड के पीछे की सोच के बारे में बताते हुए अनिल कपूर कहते हैं, ‘हम जो एपिसोड कर रहे हैं, वह सामाजिक रूप से बहुत अहम है। यही इसकी मुख्य थीम थी और फिल्म देखने के बाद राज कपूर साहब ने भी यही बात कही थी। इस फिल्म से क्या सीख मिलती है? सीख यह है कि हर कोई ‘मिस्टर इंडिया’ बन सकता है। यह एपिसोड उन लोगों के बारे में है जो देश की सेवा करते हैं। वे बिना किसी उम्मीद के देश के लिए काम करते हैं। वे इसे अपना नैतिक फर्ज मानकर करते हैं। वे भारत को ऐसा बनाने में मदद करते हैं जैसा वह आज है।’
ये जैकेट मैंने चोर बाजार से खरीदे
जैकेट के पीछे की कहानी के बारे में बात करते हुए अनिल ने कहा, ‘मैंने यह जैकेट मुंबई के चोर बाजार से खरीदी थी। इत्तेफाक से, मैंने अपने बाल भी वैसे ही लंबे रखे हैं जैसे ‘मिस्टर इंडिया’ में थे। तो आज बाल भी इस लुक पर जंच रहे हैं!’
साइंस-फिक्शन सुपरहीरो की मूवी थी ‘मिस्टर इंडिया’
‘इंडिया के टॉप 1%: द अनिल कपूर शो’ स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर आता है। ‘मिस्टर इंडिया’ शेखर कपूर की डायरेक्ट की गई एक साइंस-फिक्शन सुपरहीरो फिल्म है। अनिल कपूर, श्रीदेवी और अमरीश पुरी स्टारर यह फिल्म अरुण वर्मा (कपूर) की कहानी है, जो एक साधारण वायलिन वादक और समाज-सेवक हैं। उन्हें एक ऐसी डिवाइस मिलती है जिससे वे गायब हो सकते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




