Source :- LIVE HINDUSTAN
Hindustan Zinc shares: आज शुक्रवार को हिंदुस्तान जिंक के शेयरों की कीमतों में 5 प्रतिशत से अधिक की गिरावट देखने को मिली है। हिंदुस्तान जिंक के शेयरों का दाम गिरने के पीछे की वजह एक खबर है। रिपोर्ट के अनुसार सरकार हिन्दुस्तान जिंक में अपनी हिस्सेदारी को 2 प्रतिशत घटाने जा रही है। सरकार की तरफ से 5000 करोड़ रुपये के लिए शेयरों की बिक्री की जाने वाली है। ब्लूमबर्ग की इसी रिपोर्ट्स की वजह से कंपनी के शेयरों की स्थिति आज शुक्रवार को अच्छी नहीं है।
6 हफ्ते में सबसे बुरा हाल (Hindustan Zinc shares Falls)
हिंदुस्तान जिंक के शेयर आज शुक्रवार बीएसई में 606.50 रुपये के स्तर पर खुला था। दिन में कंपनी के शेयर 568.70 रुपये के स्तर तक आ गए थे। पिछले 6 हफ्ते में यह कंपनी का सबसे न्यूनतम स्तर है। बता दें, वेदांता के शेयरों की कीमतों में भी आज 3 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली है। जिसके बाद कंपनी के शेयर 318 रुपये के स्तर पर आ गए।
कब हो सकती है शेयरों की बिक्री (Hindustan Zinc news)
डिपार्टमेंट ऑफ इनवेस्टमेंट एंड पब्लिक एसेट मैनेजमेंट की तरफ से इस महीने या फिर जुलाई में हिस्सेदारी बेचने की प्रक्रिया शुरू कर हो सकता है। रिपोर्ट के अनुसार आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज, एक्सिस कैपिटल, आईआईएफएल कैपिटल सर्विसेज और एचडीएफसी सिक्योरिटीज से सरकार सलाह ले रही है। बता दें, मार्च तिमाही के शेयरहोल्डिंग के अनुसार हिन्दुस्तान जिंक में सरकार की कुल हिस्सेदारी 28 प्रतिशत है। इस कंपनी में वेदांता की हिस्सेदारी 61 प्रतिशत है। 3.5 प्रतिशत हिस्सा कंपनी में इंश्योरेंस कंपनी और 2 प्रतिशत हिस्सा विदेशी निवेशकों के पास है।
पिछले हफ्ते सरकार ने कोल इंडिया में 2 प्रतिशत हिस्सेदारी को बेचकर 531 मिलियन डॉलर जुटाए थे। एनएचपीसी में सरकार ने 6 प्रतिशत हिस्सेदारी को 450 मिलियन डॉलर में बेच दिया था। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार सरकार ने एलआईसी में 2 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचकर 10,000 करोड़ रुपये जुटाए हैं।
हिंदुस्तान जिंक के शेयरों का प्रदर्शन कैसा?
पिछले एक हफ्ते में हिंदुस्तान जिंक के शेयरों का दाम करीब 10 प्रतिशत लुढ़क चुका है। हालांकि, इसके बाद भी 6 महीने में कंपनी के शेयरों का दाम 14.33 प्रतिशत का रिटर्न दिया है। एक साल में सरकार की हिस्सेदारी वाली इस कंपनी का शेयर 15.73 प्रतिशत का रिटर्न दिया है। बता दें, 10 साल में स्टॉक का भाव 238 प्रतिशत बढ़ा है।
(यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें।)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN







