Home rss business hindi 8वें वेतन आयोग ने पूरे किए एक साल, केंद्रीय कर्मचारियों के लिए...

8वें वेतन आयोग ने पूरे किए एक साल, केंद्रीय कर्मचारियों के लिए नया अपडेट क्या?

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है
  • वेतन आयोग के गठन के एक साल बाद क्या नया अपडेट है, आइए जान लेते हैं

8th pay commission latest: आठवें वेतन आयोग (3 नवंबर 2025)के गठन को ठीक एक साल हो चुके हैं। इस एक साल की अवधि में वेतन आयोग ने कई अलग-अलग कर्मचारी संगठनों के साथ बैठक की है। अब सवाल है कि एक साल बीत जाने के बाद वेतन आयोग की सिफारिशों के लागू होने को लेकर क्या अपडेट है। आइए इसके बारे में विस्तार से समझ लेते हैं।

कब तक आएगी रिपोर्ट और क्या है पूरा प्रोसेस?

वेतन आयोग को अपनी रिपोर्ट सौंपने के लिए गठन की तारीख से 18 महीने का समय दिया गया है। इस हिसाब से मई 2027 तक सिफारिशें आने की उम्मीद है। 8वें वेतन आयोग द्वारा आधिकारिक रिपोर्ट पेश किए जाने के बाद केंद्र सरकार इसकी समीक्षा करेगी और फिटमेंट फैक्टर, मूल वेतन, भत्ते, पेंशन और सेवा से जुड़ी शर्तों जैसे सभी सुझावों की जांच करेगी। इसके बाद, सरकार यह तय करेगी कि 8वें वेतन आयोग के ‘टर्म्स ऑफ रेफरेंस’ (ToR) में दिए गए नियमों और शर्तों के अनुसार, किन प्रस्तावों, विचारों को स्वीकार किया जाए।

कुछ सुझावों, खासकर भत्तों, पेंशन या उन्हें लागू करने से जुड़ी चिंताओं के मामले में, अतिरिक्त जांच या किसी समिति द्वारा समीक्षा की जरूरत हो सकती है। अंतिम निर्णय लिए जाने के बाद केंद्र सरकार एक नई अधिसूचना और जरूरी आदेश जारी करेगी। इसमें संशोधित वेतन संरचना, लागू होने वाले नियम-कानून और प्रभावी तारीखों की जानकारी दी जाएगी। केंद्र सरकार एक तारीख तय करेगी और संबंधित कर्मचारी यूनियनों, संघों और पेंशनभोगियों को इसकी सूचना देगी।

इसी तारीख से 8वां वेतन आयोग आधिकारिक तौर पर लागू हो जाएगा। इसके बाद, विभाग पात्र कर्मचारियों के लिए संशोधित वेतन और पेंशन लाभों की गणना करेंगे। फिर, सरकारी आदेशों के अनुसार बकाया राशि (एरियर) का भुगतान किया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया में वेतन आयोग की सिफारिशें लागू होने में दो से तीन साल और लग सकते हैं। इसका मतलब यह है कि 2027 में घोषित वेतन वृद्धि शायद 2029 या 2030 तक ही पूरी तरह से लागू हो पाएगी।

कितने लोग होंगे प्रभावित

बता दें कि आठवें वेतन आयोग की सिफारिशों का असर देशभर के एक करोड़ से अधिक केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स पर पड़ सकता है। इनमें करीब 50 लाख केंद्रीय कर्मचारी और लगभग 65 लाख पेंशनर्स शामिल हैं। रक्षा और रेलवे से जुड़े कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त कर्मचारी भी इसके दायरे में आते हैं।

अलग-अलग शहरों में हो रही हैं बैठकें

वेतन आयोग अलग-अलग कर्मचारी संगठनों और दूसरे हितधारकों के साथ बैठकें कर रहा है। बीते एक साल में वेतन आयोग ने दिल्ली, जयपुर, देहरादून, बेंगलुरु समेत कई बड़े शहरों में बैठक की है। आखिरी बैठक 22 और 23 अक्टूबर को मुंबई में हुई थी। इन बैठकों में कर्मचारियों और पेंशनर्स की प्रमुख मांगों पर चर्चा हो रही है। हालांकि, आयोग ने इन बैठकों का विस्तृत एजेंडा सार्वजनिक नहीं किया है, लेकिन माना जा रहा है कि वेतन, भत्ते और पेंशन से जुड़े अहम मुद्दे चर्चा के केंद्र में हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN