Source :- LIVE HINDUSTAN

https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/06/04/1200x900/don_3_controversy_1780573502929_1780573503076_5c45ce93-0316-4d66-8f09-d966163e2587.jpg

द फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एंप्लॉयीज के बैन के बाद रणवीर सिंह ने उन्हें काउंटर नोटिस भेजा। अब फेडरेशन ने यह बैन हटा लिया है लेकिन उनका कहना है कि यह डर नहीं बल्कि पहले से लिया गया फैसला था।

रणवीर सिंह और फरहान अख्तर के बीच डॉन 3 का विवाद अभी सुलझ नहीं पाया है। दोनों पार्टीज साबित करने पर तुली हैं कि कोई किसी से कम नहीं। रीसेंटली खबर आई कि द फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एंप्लॉयीज ने रणवीर के खिलाफ बैन हटाने का फैसला लिया है। चर्चा है कि रणवीर ने उन्हें लीगल नोटिस भेजा इस वजह से ऐसा किया जा रहा है। अब FWICE के अध्यक्ष बीएन त्रिपाठी ने इन कयासों को खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि फेडरेशन ने ये फैसला बंदूक की नोक पर नहीं लिया।

नहीं निपट पा रहा विवाद

रणवीर सिंह ने फरहान अख्तर की फिल्म डॉन 3 छोड़ दी, इस पर विवाद सुलटने का नाम नहीं ले रहा। 25 मई को FWICE ने रणवीर को बैन करने का फैसला लिया था। अब बुधवार को खबर आई कि बॉयकॉट करने का डिसीजन वापस ले लिया है। अब इस पर फेडरेशन के अध्यक्ष बीएन तिवारी का स्टेटमेंट आया है।

क्या बोले फेडरेशन के अध्यक्ष

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, बीएन तिवारी ने कहा, ‘हम इंडस्ट्री को एक परिवार की तरह देखते हैं। हमें किसी से कोई दिक्कत नहीं है। जब कोई हमारे पास शिकायत लेकर आता है या पेमेंट ना होने का मामला होता है तो हम विवादित पार्टी के खिलाफ सहयोग ना करने का नोटिस जारी करते हैं। मामला सुलझ जाने पर हम नोटिस वापस ले लेते हैं। इसे हम हार या किसी और तरह से नहीं लेते।’

रणवीर की तरफ से मिला था नोटिस

बीएन तिवारी ने बताया कि रणवीर सिंह ने फेडरेशन के फैसले के खिलाफ नोटिस दिया है। इसमें लिखा था कि फेडरेशन 48 घंटे के अंदर ये बैन हटाए। उन्होंने कहा कि फेडरेशन ने लीगल नोटिस मिलने से पहले ही ये फैसला ले लिया था।

उनकी जीत हमारी हार नहीं

वह बोलते हैं, ‘हालांकि हम एक बात साफ कर देना चाहते हैं कि हमने बंदूक की नोक पर ये नोटिस वापस नहीं लिया। हमें प्रोड्यूसर गिल्ड और मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स असोसिएशन की तरफ से लेटर आया था। यह लेटर 29 मई को आया था और हम 30 मई को मिले। तब हमने नोटिस खत्म करने के बारे में सोचा।’तिवारी बोलते हैं, ‘अगर उनको लग रहा है कि उनकी जीत है, हम उसमें भी खुश हैं। उनकी जीत में हमारी हार नहीं जीत ही है।’

क्या है विवाद

रणवीर सिंह और फरहान अख्तर के बीच डॉन 3 विवाद अप्रैल से चल रहा है। फरहान अख्तर के तरफ कहा जा रहा है कि फिल्म का टीजर शूट हो चुका था। होटल्स बुक हो गए थे और क्रू भी अपॉइंट हो गई थी। ऐसे में रणवीर सिंह के फिल्म छोड़ने से उन्हें 45 करोड़ का नुकसान हुआ है। वहीं रणवीर की तरफ से खबरें आ रही हैं कि फिल्म इसलिए छोड़ी क्योंकि स्क्रिप्ट, डेट्स क्लीयर नहीं थीं। चर्चा यह भी है कि रणवीह ने धुरंधर ब्लॉकबस्टर हो जाने के बाद ऐसा फैसला लिया।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN