Source :- LIVE HINDUSTAN

https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/06/04/1200x900/sameer_anjaan_love_story_1780568181471_1780568181585_a3e6b1a5-1961-4dd7-8a74-5eb940cfc500.jpg

समीर अंजान का कहना है जो उन्होंने जिया है, वो उनके गानों में दिखता है। जीता था जिसके लिए… ये गाने समीर की कलम से ऐसे ही नहीं निकले। उनके प्यार का ट्रैजिक एंड हुआ।

समीर अंजान एक ऐसे लिरिसिस्ट हैं, जिनके गानों के दम पर कई पीढ़ियों अपनी लव स्टोरी आगे बढ़ाई। नजर के सामने जिगर के पास से लेकर जीता था जिसके लिए, इन सारे गानों से उन्होंने लोगों को प्यार महूसस करना सिखाया। समीर के गानों में जो रोमांस, दर्द और गहराई छिपी है, वो साधारण नहीं है। कम लोग जानते हैं, इसके पीछे की प्रेरणा उनकी ट्रैजिक लव स्टोरी है। एक लड़की जिसे उन्होंने 17 साल बेपनाह प्यार किया, हमेशा साथ रहने का वादा करके इस दुनिया से चली गई। फिर आया, अब तेरे बिन जी लेंगे हम। उन्होंने एक पॉडकास्ट में अपने अधूरे प्यार की कहानी बताई जो आपके रोंगटे खड़े कर देगी।

लड़की का भाई था क्रिमिनल

समीर अंजान फिल्मफेयर से बात कर रहे थे। वहां बोले, ‘आज मैं जहां भी हूं उसके पीछे उस लड़की का हाथ है। मैं उस लड़की की बात कर रहा हूं जिसके साथ मेरा 17 साल अफेयर रहा। तुमने छोटे शहरों में देखा होगा छोटे घर मकान होते थे। एक-दूसरे की छतें जुड़ी रहती थीं। हमने साथ में खेलना शुरू किया। जब हम पांचवी, छठवीं, सातवीं क्लास में थे तो छत पर चले जाते थे। वहां जाकर खेलते थे लुकाछिपी, ये-वो। धीरे-धीरे बड़े होने लगे साथ में फिर वो बपन की दोस्ती, बचपन का खेल, कब प्यार में बदल गया पता नहीं चला। 17 साल का भयंकर अफेयर और उसका भाई बहुत बड़ा क्रिमिनल था। मैं ऐसी जगह हाथ डाल रहा था कि अगर पता चल जाए तो कल मैं काट भी दिया जाऊं, पता नहीं। फिर भी मैं आग से खेल रहा हूं।’

17 साल में सिर्फ एक बार छुआ हाथ

समीर बोलते हैं, ‘अभी तो प्यार नाम ही निकाल देना चाहिए दुनिया से, लोगों को आता ही नहीं। मैं बताता हूं सच्चा प्यार क्या होता है। 17 साल के अफेयर में मैंने उस लड़की का सिर्फ एक बार हाथ छुआ था। फिजिकल कनेक्ट जो बोल रहा हूं, 17 साल के अफेयर में 1-2 साल के नहीं। ये आलम था कि अगर मैं छत पर टहल रहा हूं और आंख बंद करके सोचूं कि अभी वह सामने वाली अपनी छत पर दिखी नहीं ना तो समझ जाऊंगा कि प्यार नहीं है। जब चेक करके देखूं तो वह हमेशा सामने होती थी।’

आशिकी के गानों में दिखा दर्द

समीर कहते हैं, ‘ये दिल से दिल के प्यार वाले जमाने थे। उन्हीं अहसासों के साथ आज भी जब मैं लिखता हूं, वह हमेशा मेरी यादों में रहती है। आशिकी में जो भी लिखा और बहुत ट्रैजिक एंड रहा क्योंकि उसका निधन हो गया।’

शादी का किया था वादा

समीर ने बताया कि वह उसकी वजह से ही मुंबई आए थे, उससे वादा करके। समीर बताते हैं, ‘मैंने उसको बोला कि भाग चलते हैं। उसने मना कर दिया, बोली, पहले खुद को कुछ बनाओ। मैं वादा कर रही हूं कि किसी और से शादी नहीं करूंगी। जब सफल होकर आओगे तब तुम्हारे साथ चलूंगी। तब भागना होगा भाग जाएंगे, जो करना होगा, कर लेंगे। मगर उसके पहले तुम्हारा कोई करियर का ठिकाना नहीं, भागकर कहां जाएंगे, हमें ये गलती नहीं करनी चाहिए? मुझे अपना पोस्टग्रैजुएशन खत्म करने दो। उसके बाद वही हुआ कि सफलता के बाद मैं गया, उस वक्त वह नहीं रही। वो एक अलग कहानी है। फिर लिखा, अब तेरे बिन जी लेंगे हम, जहर जिंदगी का पी लेंगे हम।

जो जिया वही लिख दिया

समीर ने कहा, ‘शराबी से आप पूछो कि आपने शराब पी है तो ये बेवकूफी की बात हो जाएगी कि आप एक इतने रोमांटिक गाने लिखने वाले राइटर से पूछा जाए कि आपने कभी प्यार किया। मुझसे कई बार लोगों ने पूछा कि लड़की का नाम बताओ, ये गलत बात है। फर्स्ट नाइट को मैंने अपनी पत्नी को पूरी लव स्टोरी डिटेल में बताई। कहा कि देखो कभी हो सकता है कहीं और से पता चले इसलिए मैं बता रहा हूं। उसके बाद हजारों लड़कियां आईं, उन्होंने ट्राई किया, मैंने कभी किसी को नहीं देखा।’ समीर बोले, ‘हम लोगों ने जो जिया है वही लिखा है।’

SOURCE : LIVE HINDUSTAN