Source :- LIVE HINDUSTAN
Elon musk networth: एलन मस्क की अगुवाई वाली कंपनी स्पेस एक्स इस समय खूब पैसा बना रही है। स्पेस और सेटेलाइट सेक्टर की इस कंपनी का शेयर 220 डॉलर के स्तर पर पहुंच गया। आईपीओ के बाद कंपनी के शेयरों की कीमतों में 63% से अधिक की तेजी देखने को मिली है। शेयरों में उछाल की वजह से स्पेस एक्स का मार्केट कैप 2.9 ट्रिलियन डॉलर के स्तर पर पहुंच गया है। जोकि माइक्रोसॉफ्ट के मार्केट कैप से महज 100 बिलियन डॉलर ही कम है। बता दें, स्पेस एक्स के आईपीओ का इश्यू प्राइस 135 डॉलर था। कंपनी की लिस्टिंग स्टॉक मार्केट में 12 जून 2026 को हुई थी।
4.4 ट्रिलियन डॉलर हुआ मार्केट मस्क की कंपनियों का मार्केट कैप
The Kobeissi Letter ने स्पेस एक्स के विषय में टिप्पणी करते हुए लिखा कि आईपीओ के इतिहास में अबतक ऐसा नहीं हुआ है, जो हम देख रहे हैं। कंपनी के शेयरों में उछाल की वजह से एलन मस्क की दोनों कंपनियां स्पेस एक्स और टेस्ला का मार्केट कैप 4.4 ट्रिलियन डॉलर के रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया है। दोनों कंपनियां का मार्केट कैप अब एप्पल से अधिक हो गया है। वहीं, गूगल के करीब मार्केट कैप पहुंच गया है।
एलन मस्क को तगड़ा फायदा
इन कंपनियों के शेयरों में उछाल की वजह से एलन मस्क की नेट वर्थ में भी तेज उछाल देखने को मिल रहा है। स्पेस एक्स की मदद से एलन मस्क का नेट वर्थ 1.3 ट्रिलियन डॉलर के करीब पहुंच गया है। इतिहास में किसी व्यक्ति का इतना मार्केट कैप कभी नहीं रहा है।
स्पेस एक्स की तेजी की वजह से जो कुछ अमेरिकी शेयर बाजार में हो रहा है उसके विषय में एक्सपर्ट्स का कहना है कि हम इतिहास के गवाह बन रहे हैं।
एलन मस्क कई अन्य प्रोजेक्ट पर कर रहे हैं काम
वर्ष 2016 में स्थापित न्यूरालिंक कंपनी मानव दिमाग और कंप्यूटर के बीच सीधा संपर्क स्थापित करने की तकनीक पर काम कर रही है। कंपनी रीढ़ की हड्डी की चोट, एएलएस और अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों पर क्लीनिकल परीक्षण कर रही है। इस वर्ष जनवरी तक दुनिया भर में इसके 21 प्रतिभागी परीक्षण में शामिल थे।
मस्क की एक अन्य यूनिट ‘द बोरिंग कंपनी’ भूमिगत सुरंगों और परिवहन प्रणाली के विकास पर काम कर रही है। लास वेगास में ‘वेगास लूप’ जैसी परियोजनाएं इसी का हिस्सा हैं, जहां टेस्ला वाहनों के जरिए भूमिगत परिवहन सुविधा विकसित की जा रही है। बता दें, मस्क ने अपने कारोबारी सफर की शुरुआत जिप2 और पेपाल जैसे बिजनेस से की थी। उन्होंने इन कंपनियों की बिक्री से मिले लगभग 20 करोड़ डॉलर की पूंजी का इस्तेमाल बाद में स्पेसएक्स की स्थापना और टेस्ला में निवेश के लिए किया था।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN







