Home rss business hindi Stock Market Today: शेयर बाजार में भारी गिरावट, 1 मिनट में 3...

Stock Market Today: शेयर बाजार में भारी गिरावट, 1 मिनट में 3 लाख करोड़ डूबे, सेंसेक्स 74200 के नीचे

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Stock Market Today Live 9:15 AM: शेयर बाजार की सेहत फिर बिगड़ गई है। गुरुवार के कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई है। बीएसई का 30 शेयरों वाला बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 555 अंक लुढ़क कर 74272 पर खुला। एनएसई का 50 शेयरों वाला सूचकांक निफ्टी 225 अंकों की भारी गिरावट के साथ 23221 पर खुला। कुछ ही देर में सेंसेक्स में गिरावट बढ़कर 631 अंक की हो गई और यह 74200 के भी नीचे आ गया। 1 मिनट में ही निवेशकों को 3 लाख करोड़ रुपये का झटका लग गया। बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 482 लाख करोड़ से घटकर 479 लाख करोड़ रुपये पर आ गया है।

Stock Market Today: आज घरेलू मार्केट लंबे इंतजार के बाद एनएसई के आईपीओ की लिस्टिंग होगी। वहीं, बाजार में लिए गिफ्ट निफ्टी से गिरावट से संकेत मिल रहे हैं।बुधवार को लगातार दूसरे सत्र में तेजी के बाद आज निवेशकों की नजर कच्चे तेल की कीमतों, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड और विदेशी निवेशकों की गतिविधियों पर रहेगी।

बता दें गिफ्ट निफ्टी करीब 23,312 के स्तर पर कारोबार कर रहा था, जो निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद स्तर से लगभग 137 अंक नीचे है। इससे निफ्टी में शुरुआती दबाव के संकेत मिलते हैं। दूसरी ओर डब्ल्यूटीआई क्रूड वर्तमान में लगभग 91-92 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है, जबकि ब्रेंट $100 के निशान से ऊपर वापस चढ़ गया है। वॉल स्ट्रीट तेजी से नीचे बंद हुआ, जबकि एशियाई बाजार शुरुआती कारोबार में मिश्रित रुझान दिखा रहे हैं।

बुधवार को सेंसेक्स और निफ्टी चढ़े थे

सेंसेक्स बुधवार, 23 सितंबर को 299 अंक यानी 0.40 प्रतिशत की बढ़त के साथ 74,828 पर बंद हुआ। निफ्टी 50 भी 0.50 प्रतिशत चढ़कर 23,446 के स्तर पर पहुंच गया। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी खरीदारी देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप 100 करीब 0.70 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स लगभग 0.90 प्रतिशत चढ़ा।

निफ्टी के लिए 23,500 का स्तर अहम

एंजेल वन के ओशो कृष्णन के मुताबिक निफ्टी के लिए 23,500-23,580 का क्षेत्र तत्काल रेजिस्टेंस के तौर पर देखा जा रहा है। इस जोन के ऊपर टिकाऊ तेजी आने पर 23,800 के आसपास अगला महत्वपूर्ण स्तर सामने आ सकता है। वहीं, 23,350 से 23,000 के बीच का क्षेत्र निफ्टी के लिए अहम सपोर्ट जोन है। इस क्षेत्र के नीचे लगातार कमजोरी आने पर 23,120-23,100 के स्तर तक दबाव बढ़ सकता है।

इसका मतलब है कि आज बाजार में 23,500 का स्तर तेजी की दिशा के लिए और 23,300 के आसपास का स्तर कमजोरी के संकेत के लिए महत्वपूर्ण रहेगा।

सेंसेक्स की क्या है रेंज?

चॉइस इक्विटी ब्रोकिंग के सचिन गुप्ता के अनुसार सेंसेक्स फिलहाल 74,300-75,300 की व्यापक रेंज में रह सकता है। 74,300-74,500 के आसपास सपोर्ट है, जबकि 75,000-75,300 का क्षेत्र तत्काल प्रतिरोध माना जा रहा है। इन स्तरों के बाहर निर्णायक ब्रेकआउट या ब्रेकडाउन बाजार की अगली दिशा के बारे में संकेत दे सकता है।

आज के लिए क्या हैं ग्लोबल संकेत

अमेरिकी बाजार में मुनाफावसूली: अमेरिकी शेयर बाजार में बुधवार को दबाव देखने को मिला। डॉऊ जोन्स करीब 350 अंक गिरा। एसएंडपी 500 में 0.75 प्रतिशत और नैस्डैक में 1.1 प्रतिशत की गिरावट रही। अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में तेजी और कच्चे तेल की कीमतों में दोबारा उछाल ने निवेशकों की धारणा पर असर डाला।

कच्चा तेल भी बाजार के लिए बड़ा संकेत

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव को लेकर नई अनिश्चितता के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है। ब्रेंट क्रूड 100 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर कारोबार कर रहा है, जबकि WTI भी 91-92 डॉलर के आसपास है।

भारत जैसे बड़े तेल आयातक देश के लिए कच्चे तेल में लगातार तेजी महंगाई, रुपये और कंपनियों की लागत पर असर डाल सकती है। इसलिए आज बाजार की नजर तेल की चाल पर भी रहेगी।

(डिस्‍क्‍लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। शेयर मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN