Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- लॉन्ग टर्म में मल्टीबैगर रिटर्न देने वाले शेयर वेल्सपन कॉर्प को अमेरिका से करीब 5,500 करोड़ रुपये का बड़ा ऑर्डर मिला है
- हालांकि, इस बड़ी कारोबारी उपलब्धि के बावजूद शुक्रवार को कंपनी के शेयर में गिरावट आई
Welspun Corp share: बीते 5 साल में मल्टीबैगर रिटर्न देने वाले शेयरों में वेल्सपन कॉर्प लिमिटेड का नाम भी आता है। अमेरिका से एक खुशखबरी मिलने के बाद भी शुक्रवार को इस कंपनी के शेयर बिकवाली मोड में थे। दरअसल, कंपनी ने अमेरिका में गैस पाइपलाइन के लिए 5500 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिलने की घोषणा की है। इस ऑर्डर को वित्तीय वर्ष 2028-29 के दौरान वेल्सपन की अमेरिकी इकाई (फैसिलिटी) से पूरा किया जाएगा।
ऑर्डर की डिटेल
वेल्सपन कॉर्प की अमेरिकी सब्सिडियरी, ‘वेल्सपन ट्यूबलर एलएलसी’ को एक बड़ी मिडस्ट्रीम कंपनी से लगभग 5,500 करोड़ रुपये का एक ऑर्डर मिला है। इस ऑर्डर के तहत, वेल्सपन कॉर्प की अमेरिकी सब्सिडियरी को पर्मियन प्राकृतिक गैस पाइपलाइन परियोजना के लिए कोटेड लाइन पाइप की आपूर्ति करने के वास्ते ठेका मिला है। इस नए ऑर्डर के मिलने से वेल्सपन इस दशक के दो सबसे बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्रों, एनर्जी ट्रांसमिशन और AI-आधारित डेटा सेंटर विस्तार के केंद्र में आ गई है। इस उपलब्धि के साथ, कंपनी की ग्लोबल ऑर्डर बुक लगभग 5.25 बिलियन अमेरिकी डॉलर (50,000 करोड़ रुपये) के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है।
शेयर की कीमत का ट्रेंड
शुक्रवार को BSE पर कंपनी का शेयर 1.75% गिरकर 2,391.80 रुपये पर बंद हुआ। 29 सितंबर को शेयर 2,899.95 रुपये के 52 हफ्ते के उच्च स्तर पर पहुंचा था। वहीं, इस साल 2 फरवरी को इसने 709.75 रुपये का 52 हफ्ते का निचला स्तर दर्ज किया था।
5 साल में तगड़ा रिटर्न
लॉन्ग टर्म में यह शेयर मल्टीबैगर रिटर्न दे चुका है। इस शेयर ने तीन महीनों में 48.50%, छह महीनों में 98.69% और साल की शुरुआत से अब तक (YTD) 199.26% का रिटर्न दिया है। पिछले एक साल में यह शेयर 183% का रिटर्न दे चुका है। दो साल में इसके शेयर की कीमत में लगभग 236% की उछाल आई है। वहीं, तीन सालों में 484% का रिटर्न मिला है और पांच सालों में लगभग 1647% का रिटर्न दिया है।
कंपनी आने वाले हफ्तों में वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही यानी जुलाई-सितंबर के नतीजे घोषित कर सकती है। हालांकि, कंपनी ने नतीजों के लिए बोर्ड बैठक की तारीख का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है। बता दें कि वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट मार्जिन रिकॉर्ड 17 फीसदी पर पहुंच गया था। पहली तिमाही में वेल्सपन का राजस्व सालाना आधार पर 15 फीसदी बढ़कर 4,081 करोड़ रुपये रहा। वहीं, EBITDA 35 फीसदी बढ़कर 756 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। हालांकि, एक्सपर्ट को शेयर का वैल्यूएशन महंगा दिखाई देता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




