Home rss business hindi रिन्यूएबल एनर्जी कंपनी के IPO का इंतजार खत्म, फ्रेश शेयरों का खुलेगा...

रिन्यूएबल एनर्जी कंपनी के IPO का इंतजार खत्म, फ्रेश शेयरों का खुलेगा पिटारा

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • सेम्बकॉर्प ग्रीन इंफ्रा लिमिटेड के आईपीओ को सेबी ने हरी झंडी दे दी है
  • इस प्रस्तावित आईपीओ में ऑफर-फॉर-सेल का कोई हिस्सा नहीं होगा

Sembcorp Green Infra IPO: रिन्यूएबल सेक्टर से जुड़ी कंपनी सेम्बकॉर्प ग्रीन इंफ्रा लिमिटेड के आईपीओ को सेबी ने हरी झंडी दे दी है। इस प्रस्तावित आईपीओ में पूरी तरह से नए शेयरों का इश्यू शामिल होगा। वहीं, ऑफर-फॉर-सेल का कोई हिस्सा नहीं होगा। इसका मतलब है कि आईपीओ से मिलने वाली रकम मौजूदा शेयरधारकों के बजाय सीधे कंपनी को मिलेगी। सेबी ने अपनी वेबसाइट पर जानकारी दी है कि उसने 13 नवंबर को सेम्बकॉर्प ग्रीन इंफ्रा को अपनी अंतिम टिप्पणियां जारी कर दी हैं। इससे इस रिन्यूएबल एनर्जी कंपनी के लिए घरेलू पूंजी बाजार से फंड जुटाने का रास्ता साफ हो गया है।

क्या है कंपनी का प्लान?

सेम्बकॉर्प ग्रीन इंफ्रा का इरादा IPO से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल मुख्य रूप से अपने और ऑफर दस्तावेजों में बताई गई कुछ सहायक कंपनियों के बकाया कर्ज को चुकाने के लिए करने का है। इस फंड जुटाने का मकसद कंपनी की बैलेंस शीट को मजबूत करना है क्योंकि यह विंड, सोलर, हाइब्रिड और एनर्जी-स्टोरेज से जुड़े प्रोजेक्ट्स के अपने पोर्टफोलियो का विस्तार कर रही है।

बता दें कि सेम्बकॉर्प ग्रीन इंफ्रा पूरी तरह से सेम्बकॉर्प इंडस्ट्रीज के स्वामित्व में है। सेम्बकॉर्प इंडस्ट्रीज सिंगापुर स्थित एक एनर्जी और अर्बन सॉल्यूशंस ग्रुप है, जो सिंगापुर के सरकारी निवेशक टेमासेक की पोर्टफोलियो कंपनी है। इस इश्यू के लिए एक्सिस कैपिटल, सिटीग्रुप ग्लोबल मार्केट्स इंडिया, HSBC सिक्योरिटीज एंड कैपिटल मार्केट्स इंडिया, ICICI सिक्योरिटीज, कोटक महिंद्रा कैपिटल, CLSA इंडिया और IIFL कैपिटल सर्विसेज बुक-रनिंग लीड मैनेजर हैं।

2005 से रिन्यूएबल एनर्जी बाजार में है कंपनी

यह कंपनी 2005 से भारत के रिन्यूएबल एनर्जी बाजार में मौजूद है। यह 31 मार्च 2026 तक ऑपरेशनल कैपेसिटी के लिहाज से देश की 10 सबसे बड़ी स्वतंत्र रिन्यूएबल पावर उत्पादक कंपनियों में से एक है।

इसके पोर्टफोलियो में 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में फैले 105 प्रोजेक्ट शामिल हैं। इनमें विंड, सोलर, हाइब्रिड, बैटरी एनर्जी स्टोरेज और चौबीसों घंटे उपलब्ध रहने वाली और जरूरत के अनुसार बिजली देने वाली रिन्यूएबल एनर्जी परियोजनाएं शामिल हैं। कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन की बात करें तो परिचालन से प्राप्त राजस्व FY26 में 2,652.50 करोड़ रुपये हो गया जबकि एबिटा 1,837.12 करोड़ रुपये से बढ़कर 2,098.73 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। नेट प्रॉफिट की बात करें तो 298.83 करोड़ रुपये से बढ़कर 371.08 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

मार्च 2026 तक भारत की कुल स्थापित बिजली उत्पादन क्षमता लगभग 533 GW थी, जिसमें बड़े हाइड्रो प्रोजेक्ट्स सहित रिन्यूएबल एनर्जी का हिस्सा लगभग 52 प्रतिशत था। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, FY26 के दौरान देश ने नॉन-फॉसिल फ्यूल आधारित क्षमता में रिकॉर्ड 55.29 GW की वृद्धि की है। इंडस्ट्री के अनुमान बताते हैं कि वित्त वर्ष 2031 तक भारत में लगभग 264-274 GW की रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता जुड़ सकती है, जबकि एनर्जी स्टोरेज सॉल्यूशंस की मांग में भी भारी बढ़ोतरी की उम्मीद है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN