Source :- INDIATV NEWS

बॉलीवुड की मशहूर कोरियोग्राफर और फिल्ममेकर फराह खान इन दिनों अपने यूट्यूब व्लॉग के जरिए सितारों की निजी जिंदगी और उनके घरों की झलक दिखा रही हैं। इस बार वह अपने कुक दिलीप के साथ मशहूर बिजनेसमैन कुमार मंगलम बिरला की बेटी, सिंगर और एंटरप्रेन्योर अनन्या बिरला के मुंबई स्थित आलीशान घर पहुंचीं। अनन्या का घर किसी शाही महल से कम नहीं है। यहां की भव्यता, शानदार इंटीरियर, बेशकीमती कलाकृतियां और पुराने जमाने की खूबसूरती देखकर फराह भी अपनी तारीफ रोक नहीं पाईं। घर के हर कोने में लग्जरी और क्लासिक डिजाइन का ऐसा मेल नजर आया, जिसने इस विजिट को खास बना दिया।
पहली बार अनन्या के घर पहुंचीं फराह खान
फराह खान ने अपने व्लॉग में बताया कि वह अनन्या बिरला को काफी समय से जानती हैं, लेकिन यह पहला मौका था जब उन्हें उनके घर आने का अवसर मिला। घर में प्रवेश करते ही इसकी भव्यता ने फराह का ध्यान खींच लिया। मुख्य दरवाजे पर भगवान गणेश की खूबसूरत प्रतिमा स्थापित है, जो घर में आने वाले मेहमानों का स्वागत करती है। इसके बाद एक शानदार रिसेप्शन एरिया नजर आता है, जहां औपचारिक मुलाकातों के लिए आरामदायक सोफे लगाए गए हैं। इस हिस्से की सजावट में एक विशाल एमएफ हुसैन की पेंटिंग खास आकर्षण है। इसके अलावा पुराने जमाने की कलाकृतियां, एंटीक सामान और एक बेहद खूबसूरत झूमर पूरे माहौल को शाही अंदाज देते हैं। घर में इस्तेमाल की गई वॉर्म व्हाइट लाइटिंग इसकी खूबसूरती को और बढ़ाती है। मार्बल और लकड़ी का इस्तेमाल इंटीरियर को क्लासिक और टाइमलेस लुक देता है। जगह-जगह रखी गई आदमकद मूर्तियां भी घर की सजावट का अहम हिस्सा हैं।
जेम्स बॉन्ड की फिल्म जैसा लगा घर, फराह बोलीं- यहां से जाने का मन नहीं करेगा
घर के ग्राउंड फ्लोर पर बना फॉर्मल लिविंग रूम फराह खान को सबसे ज्यादा पसंद आया। इस कमरे में ब्राउन रंग के सोफे, मार्बल और लकड़ी का खूबसूरत फ्लोर, बड़े-बड़े झूमर और चुनिंदा एंटीक कलेक्शन रखे गए हैं। कमरे की सजावट में यूरोपियन स्टाइल की झलक दिखाई देती है। हर चीज को बेहद सोच-समझकर सजाया गया है, जिससे यह जगह किसी आलीशान होटल या पुरानी यूरोपीय हवेली जैसी लगती है। कमरे को देखते ही फराह ने इसकी तुलना जेम्स बॉन्ड की फिल्म से कर दी। उन्होंने कहा, ‘यह घर बिल्कुल जेम्स बॉन्ड की फिल्म जैसा लग रहा है। मेरा यहां से जाने का मन ही नहीं करेगा।’ हालांकि अनन्या बिरला का इस कमरे को लेकर नजरिया थोड़ा अलग था। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्हें यह कमरा थोड़ा ज्यादा औपचारिक और सख्त लगता है। फराह की तारीफ और अनन्या की इस प्रतिक्रिया ने बातचीत को दिलचस्प बना दिया।
सात पीढ़ियों में पहली महिला हैं जो कर रही हैं काम
घर की सैर के दौरान अनन्या बिरला ने अपने परिवार से जुड़ी एक दिलचस्प बात भी साझा की। उन्होंने बताया कि वह अपने परिवार की सात पीढ़ियों में पहली ऐसी महिला हैं, जो कामकाजी हैं। उनका यह खुलासा बातचीत का खास हिस्सा रहा। अनन्या एक सफल उद्यमी होने के साथ-साथ सिंगर और सॉन्गराइटर भी हैं। वह उद्योगपति कुमार मंगलम बिरला की बेटी हैं। ब्लूमबर्ग की रैंकिंग के मुताबिक, कुमार मंगलम बिरला दुनिया के सबसे अमीर लोगों में शामिल हैं और उनकी अनुमानित संपत्ति करीब 22 अरब डॉलर बताई गई है।
विशाल किचन से लेकर बड़े गार्डन तक, हर जगह दिखी लग्जरी
घर का टूर केवल शानदार लिविंग रूम तक सीमित नहीं रहा। फराह और दिलीप को अनन्या के विशाल मॉड्यूलर किचन की झलक भी देखने को मिली। इस दौरान अनन्या ने अपने हाथों से अपनी पसंदीदा डिश आलू-भिंडी की सब्जी बनाई और इसके साथ पराठे परोसे। घर के किचन की सादगी और आधुनिक सुविधाओं के बीच अनन्या का खाना बनाना इस व्लॉग का खास पल बन गया। इसके बाद घर के विशाल गार्डन को भी दिखाया गया। इसका आकार इतना बड़ा है कि फराह ने इसकी तुलना किसी सार्वजनिक पार्क से कर दी। घर के अंदर की शाही सजावट से लेकर बाहर फैले हरे-भरे गार्डन तक, पूरी प्रॉपर्टी की भव्यता ने फराह को प्रभावित किया।
‘कॉफी विद करण’ में भी नजर आएंगी अनन्या बिरला
अनन्या बिरला जल्द ही करण जौहर के चर्चित चैट शो ‘कॉफी विद करण’ के नए एपिसोड में भी दिखाई देंगी। इस एपिसोड में उनके साथ अभिनेत्री अनन्या पांडे भी नजर आएंगी। ऐसे में फराह खान के व्लॉग के बाद अनन्या की निजी जिंदगी और उनके अनुभवों को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ सकती है। फिलहाल, उनका आलीशान मुंबई वाला घर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
ये भी पढ़ें: शरद कपूर की पुकार सुन पहुंचे सोनू सूद, मेडिकल सप्लाई का किया इंतजाम, अब फिल्मों में वापसी की जगी उम्मीद
SOURCE : INDIATV NEWS




