Home rss entertainment hindi मनोरंजन समाचार क्या ‘पंचायत 5’ में दिखेंगे केविन पीटरसन? BTS फोटो में बनराकस और...

क्या ‘पंचायत 5’ में दिखेंगे केविन पीटरसन? BTS फोटो में बनराकस और दामाद जी संग आए नजर

9
0

Source :- KHABAR INDIATV

इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेट कप्तान केविन पीटरसन ने ‘पंचायत’ सीजन 5 के प्रमोशन में क्रिकेट और मनोरंजन का एक दिलचस्प तड़का लगाया है। हाल ही में पीटरसन ने एक ‘बिहाइंड-द-सीन्स’ तस्वीर शेयर की। इसमें वे एक पारंपरिक भारतीय ग्रामीण अवतार में नजर आ रहे हैं। उनके साथ इस हिट सीरीज के कलाकार दुर्गेश कुमार और आसिफ खान भी हैं, जिन्हें भूषण ‘बनराकस’ और दामाद जी का किरदार निभाया है। इस तस्वीर ने फैंस का ध्यान खींच लिया, खासकर पीटरसन के देसी अंदाज ने।

केविन पीटरसन संग दिखें बनराकस और दामाद जी

कुर्ते के ऊपर नीले रंग की नेहरू-जैकेट पहने और सिर पर चेक वाला गमछा बांधे, इंग्लैंड के पूर्व कप्तान पूरी तरह से फुलेरा के ग्रामीण माहौल में ढले हुए लग रहे हैं। उन्होंने इस तस्वीर के साथ एक छोटा लेकिन दिलचस्प कैप्शन लिखा, ‘पंचायत।’ फैंस ने कमेंट सेक्शन में उत्साह और उत्सुकता से भरे संदेशों की झड़ी लगा दी है। वे इस बात को लेकर काफी उत्साहित हैं कि क्या यह पूर्व क्रिकेटर भारतीय सिनेमा में कदम रखने जा रहा है।

केविन पीटरसन को ‘पंचायत 5’ में देखने को बेकरार फैंस

तस्वीर देख फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ गई है। एक फैन ने लिखा, ‘KP, फोटो में मौजूद बाकी दो लोगों के मुकाबले आप ज्यादा देसी लग रहे हैं।’ एक और फैन ने लिखा, ‘आप गांव के पहनावे में बहुत शानदार लग रहे हैं, ‘पंचायत’ सीरीज में आपको देखना सबको अच्छा लगेगा।’ एक तीसरे सोशल मीडिया यूजर ने कमेंट किया, ‘मुझे लगता है कि अगर आपके पास अभी तक आधार कार्ड नहीं है तो आपको एक आधार कार्ड बनवा लेना चाहिए।’ इस सीरीज में नीना गुप्ता, रघुबीर यादव, सुनीता राजवार, फैसल मलिक, चंदन रॉय, दुर्गेश कुमार और आसिफ खान जैसे कलाकार भी शामिल हैं।

पंचायत 5 कब होगी रिलीज

यह तस्वीर ‘पंचायत’ के आने वाले पांचवें सीजन के प्रमोशनल कैंपेन का हिस्सा है, जो 3 दिसंबर 2026 को प्राइम वीडियो पर रिलीज होने वाला है। एक इंटरनेशनल क्रिकेट स्टार को शो के दो मशहूर सपोर्टिंग किरदारों के साथ दिखाकर इस कैंपेन ने एक अनोखा क्रॉसओवर पेश किया है। इससे नए सीजन को लेकर दर्शकों का उत्साह और बढ़ गया है। यह तस्वीर इसलिए भी काफी दिलचस्प है, क्योंकि पीटरसन ‘पंचायत’ की दुनिया में बिल्कुल फिट बैठते हैं। भारतीय दर्शकों के बीच अपने क्रिकेट करियर के लिए मशहूर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान, यहां एक बिल्कुल अलग माहौल में ग्रामीण भारत से जुड़े पारंपरिक पहनावे में नजर आ रहे हैं। प्राइम वीडियो ने घोषणा की है कि आने वाला सीजन 3 दिसंबर, 2026 को रिलीज होगा। इसके अलावा, 23 नवंबर को मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के एक गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में मेकर्स ने इस सीजन का ट्रेलर भी जारी किया।

केविन पीटरसन ने हिंदी सिनेमा में रखा कदम

पीटरसन की इस नई तस्वीर का सोशल मीडिया पर हुई उनकी पिछली बातचीत से भी एक कनेक्शन है। 20 नवंबर को इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर ने ‘X’ (ट्विटर) पर एक मजेदार पोस्ट में बॉलीवुड में डेब्यू करने की बात कहकर ऑनलाइन चर्चा छेड़ दी थी। उस समय फैंस ने इसे बस एक मजाक के तौर पर लिया था। कुछ लोगों को तो यह भी लगा कि शायद वह अपने यूट्यूब चैनल के लिए कोई कंटेंट बना रहे हैं। हालांकि, ‘पंचायत’ के कलाकारों के साथ उनकी ‘बिहाइंड-द-सीन्स’ तस्वीर सामने आने के बाद उस पुरानी पोस्ट को एक नया मतलब मिल गया है और फैंस के बीच उत्साह और बढ़ गया है।

ये भी पढ़ें – दो सीजन और 16 एपिसोड, ‘पंचायत’ के बिनोद की रोमांच से भरपूर ‘पुष्पावल्ली’ देखी? IMDb रेटिंग है 7.4

SOURCE : KHABAR INDIATV