Home rss business hindi ‘PF खाते से किस्तों में पैसे निकालने पर नहीं लगेगा टैक्स, अकाउंट...

‘PF खाते से किस्तों में पैसे निकालने पर नहीं लगेगा टैक्स, अकाउंट बैलेंस पर मिलेगा पीएफ वाला ब्याज’

4
0

Source :- KHABAR INDIA TV

EPFO चीफ और सेंट्रल प्रोविडेंट फंड कमिश्नर रमेश कृष्णमूर्ति ने कहा कि रिटायरमेंट के बाद कर्मचारी भविष्य निधि से किस्तों में निकाले जाने वाले पैसों पर कोई टैक्स नहीं लगेगा। इसके साथ ही, खाते में बची हुई राशि पर वही ब्याज मिलेगा जो बाकी सदस्यों को पीएफ पर मिलता है। उन्होंने ये भी कहा कि सिस्टेमैटिक विड्रॉल प्लान (SWP) को लागू करने के लिए ईपीएफ से जुड़े प्रावधानों में संशोधन करने के साथ इनकम टैक्स से जुड़े कानून में जरूरी संशोधन करने होंगे। ईपीएफओ ने ये प्रस्ताव श्रम मंत्रालय को भेज दिया है। 

वित्त मंत्रालय से बातचीत कर रहा है श्रम मंत्रालय

श्रम मंत्रालय इनकम टैक्स कानून में संशोधन से जुड़े प्रस्ताव को लेकर वित्त मंत्रालय से बातचीत कर रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रस्ताव बजट पारित होने के बाद 1 अप्रैल से लागू हो जाएगा। बताते चलें कि कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने पिछले हफ्ते कर्मचारी भविष्य निधि (PF) निकासी के नियमों में बड़े बदलावों को मंजूरी दी थी। इसके तहत रिटायर होने वाले सदस्य अब अपनी पीएफ खाते में जमा पैसों को नियमित किस्तों में निकाल सकेंगे। इसके साथ ही, खाते में अनिवार्य न्यूनतम जमा राशि की सीमा 25 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत और पूरे पैसे निकालने के लिए वेटिंग पीरियड 12 महीने से घटाकर 2 महीने कर दिया गया है। 

शुरुआती चरण में 55 साल से ज्यादा उम्र के करीब 6.32 लाख ईपीएफ सदस्यों को लाभ मिलने की उम्मीद

केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया की अध्यक्षता में केंद्रीय न्यासी बोर्ड (CBT) की इस महीने हुई 240वीं मीटिंग में लिए गए फैसलों के तहत प्रस्तावित नियमित किस्त निकासी योजना के तहत रिटायर होने वाले सदस्य अपनी पूरी जमा राशि को एक साथ निकालने के बजाय मासिक, तिमाही या छमाही किस्तों में निकाल सकेंगे। शुरुआती चरण में 55 साल से ज्यादा उम्र के करीब 6.32 लाख उन ईपीएफ सदस्यों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है, जिनके पीएफ खातों में 5 लाख रुपये से ज्यादा जमा है। 

सदस्य का देहांत हो जाता है तो नॉमिनी को मिलेगा पैसा

प्रस्तावित योजना के बारे में विस्तार से बताते हुए कृष्णमूर्ति ने पीटीआई के साथ बातचीत में कहा, ”अगर सदस्य का देहांत हो जाता है तो उनके नॉमिनी को पैसा मिलेगा। अगर वे चाहें तो पूरा पैसा निकाल सकते हैं या मासिक, तिमाही, छमाही या सालाना किस्तों में प्राप्त कर सकते हैं।” उन्होंने कहा कि इसमें पीएफ में जो राशि बची है, उस पर मिलने वाला ब्याज भी ले सकते हैं और अगर चाहें तो कम राशि भी निकाल सकते हैं। बचा हुआ पैसा फंड में जुड़ जाएगा और इस पर और भी ब्याज मिलेगा यानी आपका फंड बढ़ता रहेगा। 

उदाहरण से समझें

उन्होंने इसे उदाहरण से भी समझाया। उन्होंने कहा, ”मान लेते हैं कि पीएफ में 10 लाख रुपये का फंड है। मौजूदा 8.25 प्रतिशत ब्याज पर इस पर 82,500 रुपये का ब्याज मिलेगा। अगर महीने के हिसाब से देखा जाए तो ये राशि लगभग 7000 रुपये बैठेगी। आप चाहें तो इसे हर महीने 7000 रुपये ले सकते हैं। इससे आपका मूल फंड पूरा बना रहेगा। अगर आपके पास पैसों का कोई और स्रोत है, तो आप चाहें तो हर महीने 5000 रुपये निकालने का ऑप्शन भी चुन सकते हैं। इससे 82,500 रुपये में से 22,500 रुपये आपके फंड में जुड़ जाएंगे और अगले साल ज्यादा ब्याज मिलेगा। 

PTI Inputs

ये भी पढ़ें

ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल प्रोजेक्ट में मिली बड़ी सफलता, 6.59 किलोमीटर लंबी सुरंग-14 की खुदाई हुई पूरी

SOURCE : KHABAR INDIA TV