Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को जुलाई 2026 से लागू होने वाले महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में बढ़ोतरी का इंतजार है
- संभावित 3% वृद्धि के बाद DA और DR की दर 60% से बढ़कर 63% हो सकती है
- हालांकि, 21 अक्टूबर तक सरकार ने कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है
केंद्र सरकार के करीब 1.2 करोड़ कर्मचारियों और पेंशनर्स को महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में बढ़ोतरी के लिए अभी और इंतजार करना पड़ सकता है। जुलाई 2026 से लागू होने वाला DA हाइक अब तक घोषित नहीं हुआ है। कर्मचारियों को उम्मीद थी कि दशहरा के आसपास सरकार बढ़ोतरी का ऐलान कर सकती है, लेकिन 21 अक्टूबर तक इस पर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में अब सभी की निगाहें दिवाली पर टिकी हैं, जो 8 नवंबर को मनाई जाएगी। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।
इस बार महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की उम्मीद जताई जा रही है। अगर सरकार इस प्रस्तावित बढ़ोतरी को मंजूरी देती है, तो केंद्रीय कर्मचारियों का DA मौजूदा 60% से बढ़कर 63% हो सकता है। पेंशनर्स को भी इसी अनुपात में महंगाई राहत (DR) का फायदा मिलने की उम्मीद है। हालांकि, सरकार ने अभी तक न तो बढ़ोतरी की पुष्टि की है और न ही घोषणा की कोई तारीख बताई है।
DA हाइक 2026 में देरी क्यों?
केंद्र सरकार आमतौर पर साल में दो बार महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में बदलाव करती है। ये संशोधन जनवरी और जुलाई से प्रभावी होते हैं। हालांकि, बढ़ोतरी लागू होने की तारीख और सरकार की ओर से इसकी आधिकारिक घोषणा के बीच कई बार महीनों का अंतर हो जाता है। इस साल पिछली बढ़ोतरी को 18 अप्रैल 2026 को केंद्रीय कैबिनेट ने मंजूरी दी थी। उस समय DA और DR में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई थी, जिससे दर 58% से बढ़कर 60% हो गई थी। यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2026 से लागू मानी गई थी।
सरकार की घोषणा के मुताबिक, उस फैसले से करीब 50.46 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 68.27 लाख पेंशनर्स को फायदा हुआ था। इस बढ़ोतरी पर सरकार का सालाना अतिरिक्त खर्च लगभग 6,791.24 करोड़ रुपये आंका गया था। अब जुलाई 2026 से लागू होने वाली अगली किस्त का इंतजार लंबा हो रहा है। कर्मचारी संगठनों ने भी सरकार से जल्द फैसला लेने की मांग की है।कॉन्फिडरेशन ऑफ सेंट्रल गवर्नमेंट एम्पलॉयी एंड वर्कर्स (Confederation of Central Government Employees and Workers) ने वित्त मंत्रालय से पेंडिंग किस्त जारी करने का आग्रह किया था। हालांकि, सरकार ने अभी तक देरी की आधिकारिक वजह स्पष्ट नहीं की है।
दिवाली से पहले 3% DA हाइक का ऐलान होगा?
दशहरा के आसपास घोषणा होने की उम्मीद पूरी नहीं होने के बाद अब कर्मचारियों की नजर दिवाली से पहले आने वाले संभावित फैसले पर है। इस साल दिवाली 8 नवंबर को है। ऐसे में कर्मचारियों को उम्मीद है कि त्योहार से पहले महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी को मंजूरी मिल सकती है।लेकिन यह ध्यान रखना जरूरी है कि सरकार DA हाइक की घोषणा के लिए हर साल कोई निश्चित तारीख तय नहीं करती।
उदाहरण के लिए, जुलाई 2025 की किस्त के संबंध में व्यय विभाग ने 6 अक्टूबर 2025 को आदेश जारी किया था। इससे पता चलता है कि जुलाई से प्रभावी होने वाली बढ़ोतरी का आधिकारिक आदेश बाद में भी आ सकता है। हालांकि, पिछले सालों के फैसलों के आधार पर यह पक्का नहीं कहा जा सकता कि इस बार दिवाली से पहले घोषणा हो ही जाएगी। अंतिम फैसला केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी और उसके बाद जारी होने वाले आधिकारिक आदेश पर निर्भर करेगा।
DA 60% से 63% होने पर कितनी बढ़ेगी सैलरी?
अगर सरकार 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी देती है, तो कर्मचारियों का DA उनकी बेसिक सैलरी के आधार पर बढ़ेगा। इसे एक उदाहरण से समझ सकते हैं। मान लीजिए किसी केंद्रीय कर्मचारी की बेसिक सैलरी 30,000 रुपये प्रति माह है। मौजूदा 60% DA के हिसाब से उसे 18,000 रुपये महंगाई भत्ता मिलता है। अगर DA बढ़कर 63% हो जाता है, तो यह रकम 18,900 रुपये हो जाएगी, यानी हर महीने 900 रुपये का अतिरिक्त फायदा मिलेगा।
इसी तरह 50,000 रुपये की बेसिक सैलरी वाले कर्मचारी को मौजूदा दर पर 30,000 रुपये DA मिलता है। 63% की दर लागू होने पर यह बढ़कर 31,500 रुपये हो जाएगा। इस स्थिति में हर महीने 1,500 रुपये की बढ़ोतरी होगी। ये उदाहरण केवल संभावित 3 प्रतिशत बढ़ोतरी के आधार पर हैं, वास्तविक लाभ कर्मचारी की बेसिक सैलरी और सरकार के अंतिम आदेश पर निर्भर करेगा।
एरियर का पैसा कब मिलेगा?
कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए सिर्फ DA हाइक का ऐलान ही नहीं, बल्कि एरियर की तारीख भी अहम है। अगर सरकार जुलाई 2026 से प्रभावी बढ़ोतरी को मंजूरी देती है, तो पात्र कर्मचारियों और पेंशनर्स को जुलाई से भुगतान लागू होने तक की अवधि का बकाया मिल सकता है। हालांकि, एरियर किस महीने में दिया जाएगा और भुगतान एक साथ होगा या किसी अन्य तरीके से, यह अभी स्पष्ट नहीं है। इसके लिए सरकार के आधिकारिक आदेश का इंतजार करना होगा।
फिलहाल, DA और DR की दर 60% ही है। 3 प्रतिशत बढ़ोतरी की उम्मीद जरूर है, लेकिन कैबिनेट की मंजूरी और आधिकारिक घोषणा के बिना इसे अंतिम फैसला नहीं माना जा सकता। अब केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स की नजर इस बात पर है कि सरकार दिवाली से पहले राहत देती है या उन्हें इसके लिए और इंतजार करना पड़ता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




