Home rss business hindi 498% बढ़ा छमाही मुनाफा, पिछले महीने बाजार में उतरी है कंपनी, अभी...

498% बढ़ा छमाही मुनाफा, पिछले महीने बाजार में उतरी है कंपनी, अभी IPO प्राइस से नीचे चल रहे शेयर

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • वरमोरा ग्रैनिटो का मुनाफा पहली छमाही में 498% बढ़ा है
  • कंपनी को पहली छमाही में 53.7 करोड़ रुपये का प्रॉफिट हुआ है
  • कंपनी पिछले महीने ही शेयर बाजार में लिस्ट हुई है
  • फिलहाल, कंपनी के शेयर अपने आईपीओ प्राइस से नीचे कारोबार कर रहे हैं

वरमोरा ग्रैनिटो लिमिटेड को टैक्स भुगतान के बाद पहली छमाही में 53.7 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है। पहली छमाही में सालाना आधार पर कंपनी का मुनाफा 498 पर्सेंट बढ़ा है। सितंबर तिमाही में अच्छी रिकवरी और प्रीमियम टाइल्स में ग्रोथ की वजह से वरमोरा ग्रैनिटो के मुनाफे में यह उछाल आया है। बुधवार को NSE में दिन के कारोबार के दौरान कंपनी के शेयर 6 पर्सेंट से अधिक की तेजी के साथ 146.90 रुपये पर पहुंच गए। हालांकि, कारोबार के आखिर में कंपनी के शेयर गिरावट के साथ 132.87 रुपये पर बंद हुए हैं। वरमोरा ग्रैनिटो के शेयर अपने आईपीओ प्राइस से नीचे कारोबार कर रहे हैं। कंपनी के शेयर पिछले महीने ही बाजार में लिस्ट हुए हैं।

714.2 करोड़ रुपये रहा वरमोरा ग्रैनिटो का रेवेन्यू
30 सितंबर 2026 को खत्म हुई पहली छमाही में वरमोरा ग्रैनिटो (Varmora Granito) का ऑपरेशंस से मिला रेवेन्यू 3.3 पर्सेंट बढ़कर 714.2 करोड़ रुपये रहा है। BSE और NSE में लिस्टिंग के बाद से कंपनी के यह पहले फाइनेंशियल रिजल्ट्स हैं। सितंबर 2026 तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 9 पर्सेंट और तिमाही आधार पर 27 पर्सेंट बढ़कर 399 करोड़ रुपये रहा है। वहीं, सितंबर 2026 तिमाही में टैक्स भुगतान के बाद कंपनी का मुनाफा 206 पर्सेंट बढ़कर 44 करोड़ रुपये रहा है, जो कि एक साल पहले की समान अवधि में 14.4 करोड़ रुपये था। जून 2026 तिमाही में वरमोरा ग्रैनिटो का मुनाफा 9.7 करोड़ रुपये था।

जून तिमाही में मैन्युफैक्चरिंग पर पड़ा असर
पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच नेचुरल गैस प्राइसेज में तेज उछाल आया है, जिससे मोरबी में टाइल मैन्युफैक्चरिंग में रुकावट आई और इसका असर जून तिमाही पर पड़ा। कई प्लांट्स मार्च शुरुआत से लेकर अप्रैल मध्य तक बंद रहे, जिससे प्रॉडक्शन और सेल्स पर असर पड़ा। जून 2026 तिमाही के दौरान कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 2.9 पर्सेंट घटकर 315.3 करोड़ रुपये रहा। वरमोरा ग्रैनिटो लिमिटेड के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर भावेश वरमोरा का कहना है, ‘वरमोरा के लिए यह बेहद खास मोमेंट है, क्योंकि हमने बतौर लिस्टेड कंपनी अपने पहले रिजल्ट्स पेश किए हैं। चुनौतीपूर्ण पहली तिमाही के बावजूद चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में हमने मुनाफे में 498 पर्सेंट का उछाल हासिल किया।’

29 सितंबर को लिस्ट हुए हैं वरमोरा ग्रैनिटो के शेयर
वरमोरा ग्रैनिटो लिमिटेड का आईपीओ दांव लगाने के लिए 22 सितंबर 2026 को खुला था और यह 24 सितंबर तक ओपन रहा। आईपीओ का प्राइस बैंड 140-148 रुपये था और इश्यू प्राइस 148 रुपये रहा। कंपनी के आईपीओ का टोटल साइज 708 करोड़ रुपये तक का था, जिसमें 320 करोड़ रुपये तक का फ्रेश इश्यू और 388 करोड़ रुपये तक का ऑफर फॉर सेल शामिल रहा। वरमोरा ग्रैनिटो के शेयर 29 सितंबर 2026 को बीएसई में 152 रुपये पर लिस्ट हुए। वहीं, NSE में कंपनी के शेयर 152.19 रुपये पर लिस्ट हुए।

(PTI के इनपुट के साथ)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN