Source :- LIVE HINDUSTAN
टेक कंपनी Google अपनी नई Pixel 11 सीरीज को 12 अगस्त को होने वाले Made by Google इवेंट में लॉन्च करने जा रही है। लॉन्च से पहले ही इस सीरीज को लेकर कई बड़ी जानकारियां इंटरनेट पर लीक हो गई हैं। लेटेस्ट रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी इस बार Pixel 11, Pixel 11 Pro, Pixel 11 Pro XL और Pixel 11 Pro Fold को मिलाकर चार नए स्मार्टफोन पेश कर सकती है। साथ ही इनकी संभावित कीमत और कुछ प्रमुख स्पेसिफिकेशन्स भी सामने आ गए हैं।
लीक के मुताबिक, Google Pixel 11 की शुरुआती कीमत 899 डॉलर (करीब 89,999 रुपये) हो सकती है। वहीं Pixel 11 Pro की कीमत लगभग 1,099 डॉलर, Pixel 11 Pro XL की कीमत 1,299 डॉलर और Pixel 11 Pro Fold की कीमत 1,899 डॉलर तक हो सकती है। हालांकि, भारत में इन फोनों की असली कीमत टैक्स, इंपोर्ट फीस और बाकी चार्ज के चलते अलग हो सकती है। कंपनी ने फिलहाल इन कीमतों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
ऐसे होंगे Google Pixel 11 सीरीज के फीचर्स
रिपोर्ट्स की मानें तो पूरी Pixel 11 सीरीज में Google का नया Tensor G6 प्रोसेसर मिलेगा। यह चिप पिछले Tensor G5 की तुलना में बेहतर AI परफॉर्मेंस, तेज प्रोसेसिंग और बेहतर पावर एफिशिएंसी ऑफर कर सकता है। माना जा रहा है कि नए फोन Android 17 के साथ आएंगे और इनमें Gemini AI से जुड़े कई नए फीचर्स भी देखने को मिलेंगे, जो फोटो एडिटिंग, वॉयस कमांड और ऑन-डिवाइस AI एक्सपीरियंस को पहले से बेहतर बनाएंगे।
स्टोरेज के मामले में भी Google बड़ा बदलाव कर सकता है। लीक के मुताबिक, इस बार कंपनी बेस मॉडल में 256GB स्टोरेज देने पर विचार कर रही है। अगर ऐसा होता है तो यूजर्स को पहले की तुलना में दोगुना स्टोरेज मिलेगा, जिससे हाई-रिजॉल्यूशन फोटो, 4K वीडियो और AI फीचर्स का इस्तेमाल करने वालों को ज्यादा राहत मिलेगी।
मिल सकता है पहले से पावरफुल कैमरा सेटअप
कैमरे की बात करें तो बेस Pixel 11 में डुअल रियर कैमरा सेटअप मिलने की उम्मीद है, जबकि Pro मॉडल अपने प्रीमियम कैमरा सिस्टम के साथ आएंगे। इस बार भी Google का फोकस केवल कैमरा हार्डवेयर पर नहीं, बल्कि AI बेस्ड इमेज प्रोसेसिंग और वीडियो क्वॉलिटी को बेहतर बनाने पर रहने की संभावना है।
फिलहाल ये सभी जानकारियां लीक और रिपोर्ट्स पर बेस्ड हैं। Google 12 अगस्त को होने वाले अपने आधिकारिक इवेंट में Pixel 11 सीरीज से जुड़ी सभी स्पेसिफिकेशंस, कीमत और उपलब्धता का खुलासा करेगा। ऐसे में लॉन्च इवेंट के बाद ही इन लीक की पुष्टि हो सकेगी।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN


