Home rss business hindi HDFC बैंक में गोपनीय जानकारी लीक करने का मामला, रडार पर दो...

HDFC बैंक में गोपनीय जानकारी लीक करने का मामला, रडार पर दो सीनियर अधिकारी

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • HDFC बैंक की एक इंटरनल जांच में ऐसे सबूत मिले हैं कि दो वरिष्ठ अधिकारियों ने गोपनीय जानकारियां लीक की हैं
  • ये अधिकारी बैंक के कुछ अहम बिजनेस और कामकाज की देखरेख करते हैं

HDFC Bank share: प्राइवेट सेक्टर के चर्चित HDFC बैंक में गोपनीय जानकारी लीक होने का मामला सामने आया है। HDFC बैंक की एक इंटरनल जांच में ऐसे सबूत मिले हैं कि दो वरिष्ठ अधिकारियों ने बाहरी लोगों को गोपनीय बिजनेस रणनीतियां और बाजार पर असर डालने वाली संवेदनशील जानकारियां दी हैं। ये अधिकारी बैंक के कुछ अहम बिजनेस और कामकाज की देखरेख करते हैं।

ब्लूमबर्ग की एक खबर में सूत्रों ने बताया कि जानकारी लीक होने की आशंका को लेकर कुछ वरिष्ठ अधिकारियों के चिंतित होने के बाद बैंक ने एक इंटरनल जांच शुरू की, जिसमें इन अधिकारियों की पहचान हुई। सूत्र ने बताया कि जांच अभी भी चल रही है और बैंक यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि क्या इन जानकारियों का गलत इस्तेमाल किया गया है। इस खबर की HDFC बैंक के एक प्रवक्ता ने पुष्टि तो की है लेकिन इसके नतीजों या इसमें शामिल अधिकारियों के बारे में कोई टिप्पणी नहीं की।

क्या कहा प्रवक्ता ने?

HDFC बैंक के प्रवक्ता ने ईमेल के जरिए कहा, “हमारी नीतियों के अनुसार इस मामले में सभी जरूरी तथ्यों को इकट्ठा करने और उनका मूल्यांकन करने के लिए एक इंटरनल समीक्षा चल रही है। समीक्षा पूरी होने के बाद, जो भी नतीजे सामने आएंगे, उनके आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।” बैंक ने कहा कि वह नैतिकता और गवर्नेंस के उच्च मानकों को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है और नियमों के उल्लंघन की किसी भी रिपोर्ट को गंभीरता से लेता है।

सूत्रों ने बताया कि इस जांच और इसके नतीजों के बारे में इस साल की शुरुआत में ही वरिष्ठ प्रबंधन और बोर्ड के कुछ सदस्यों को बता दिया गया था। उन्होंने बताया कि दोनों अधिकारियों को भी इन नतीजों के बारे में आधिकारिक तौर पर सूचित कर दिया गया है लेकिन अभी यह साफ नहीं है कि उनके खिलाफ क्या अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

शेयर का परफॉर्मेंस

HDFC बैंक के शेयर की बात करें तो 711.60 रुपये की पिछली क्लोजिंग के मुकाबले बुधवार को 715.50 रुपये तक पहुंच गया। हालांकि, कुछ ही देर में यह शेयर करीब डेढ़ पर्सेंट टूटकर 700 रुपये के स्तर पर आ गया। शेयर के 52 हफ्ते का हाई 1,020.35 रुपये है। वहीं, शेयर के 52 हफ्ते का लो 682 रुपये है।

बता दें कि बैंक में बीते कुछ समय से अलग-अलग तरह के विवाद चल रहे हैं। बोर्डरूम में विवादों और प्रबंधन के कुछ लोगों के चले जाने के बाद अब बैंक अपने पहले ऐसे मुख्य कार्यकारी (CEO) की नियुक्ति की तैयारी कर रहा है, जो बैंक के बाहर से होगा। बैंक के नए सीईओ अनूप बागची होंगे। बागची पहले ICICI ग्रुप (HDFC बैंक का प्रतिद्वंद्वी) से जुड़े रहे हैं। वह 27 अक्टूबर को HDFC बैंक के सीईओ का पद संभालेंगे।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN