Source :- LIVE HINDUSTAN
जिंदगी में सफल होने का सपना हर कोई देखता है लेकिन उसे पूरा करना हर किसी के बस में नहीं होता। अगर आप सफल होना चाहते हैं, तो IAS सोनल गोयल की 3 बातों को याद रखें।
झज्जर की DC, यूपीएससी में 13वीं रैंक हासिल कर 2008 बैच से IAS बनीं सोनल गोयल अपने कार्यों की वजह से जानी जाती हैं। वह समाज सेवा में कई काम कर चुकी हैं, जिनकी वजह से वह कम समय में अच्छे पद पर पहुंच गई और लोग उन्हें अच्छे से जानते हैं। सोनल सोशल मीडिया पर एक्टिव रहती हैं और कई फोटो-वीडियो पोस्ट करती रहती हैं। वह सिर्फ सामाजिक कार्यों के वीडियो शेयर नहीं करती बल्कि लोगों को सफलता के प्रति मोटिवेट और मेहनत करने के लिए भी प्रेरणा देती हैं। सोनल ऐसे तो कई वीडियो शेयर कर चुकी हैं लेकिन उनके एक वीडियो में वह सफल होने के 3 आसान तरीके बता रही हैं। उनका मानना है कि सफलता रातों रात नहीं मिलती और उसके लिए आपको कई अथक प्रयास करने पड़ेंगे। तो चलिए आपको उनके कुछ टिप्स बताते हैं।
मोटिवेशन का इंतजार नहीं करना चाहिए
आईएएस सोनल का कहना है कि किसी भी इंसान को सफल होने के लिए मोटिवेशन का इंतजार बिल्कुल नहीं करना चाहिए। क्योंकि अगर मोटिवेट होने से ही सफलता मिलती, तो हर वह इंसान सफल होता जो रोजाना मोटिवेशनल वीडियो देखता है। इसलिए अगर आप सफल होना चाहते हैं, तो किसी एक मोटिवेशन मिलने का इंतजार न करें। मोटिवेट होकर आप सिर्फ एक दिन अच्छा काम कर सकते हैं, अगले दिन आपका वही काम करने का मन नहीं करेगा। इसके लिए आपको सिर्फ 3 बातों को दिल-दिमाग में बिठाना चाहिए।
सफलता के 3 मूल मंत्र क्या हैं
1. छोटी स्टेप्स से करें शुरुआत
किसी भी चीज को पाने के लिए आपको बेसिक से शुरू करना पड़ेगा और पहले छोटे कदमों से आगे बढ़ें। पहले आप छोटे गोल्स बनाएं और उन्हें अचीव करें। इसके बाद बड़े गोल्स सेट करते हुए मंजिल की ओर बढ़ते जाएं। जब आप ऐसा रोजाना करेंगे, तो तब आपको सफलता का स्वाद चखने का मन करेगा। छोटे कदम बड़े परिणाम देते हैं।
2. मन के खिलाफ जाकर काम करें
मन आपका हमेशा कहेगा कि अभी आराम कर लेते हैं या अभी फिल्म देख लेते हैं, बाद में मेहनत करेंगे। अपने मन की न सुने बल्कि अपनी सक्सेस के लिए क्या सही है उसे चुनें। मोटिवेशन का इंतजार न करें बल्कि किसी भी दिन से शुरुआत करें और फिर मन के खिलाफ जाकर हर दिन वही काम करें। जब आप ऐसा करेंगे तो आपका दिमाग इस काम का आदि हो जाएगा और फिर आपको इस काम में मजा आने लगेगा।
3. खुद से वादा करें और उसे निभाएं
सफलता की सीढ़ियों पर चढ़ने के लिए जरूरी है कि आप खुद से वादा करें और उसे निभाएं। कंसिस्टेंसी और मेहनत सफलता के जरूरी नियम है। हर दिन जब आप मेहनत करेंगे और आगे बढ़ने के लगातार प्रयास करते रहेंगे, तब जाकर आपको सफलता मिलेगी। इसके लिए आपको खुद से प्रॉमिस करना होगा कि आपको ये करना ही है और उसे ईमानदारी से निभाना भी पड़ेगा।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




