Home - KYC अपडेट, पार्सल डिलीवरी या कूरियर के नाम पर आ रहे फर्जी...

KYC अपडेट, पार्सल डिलीवरी या कूरियर के नाम पर आ रहे फर्जी मैसेज से बचाएगा Google, जानें कैसे काम करेगा फीचर

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

बैंक KYC अपडेट, पार्सल अटकने या बिजली बिल जमा करने के नाम पर आने वाले फर्जी SMS से सावधान रहने में आपको मदद करेगा Google Messages का Enhanced Protection नाम का नया सुरक्षा फीचर। ऐसे करेगा काम:

अगर आपके फोन पर भी बैंक KYC अपडेट करने, पार्सल अटकने या बिजली का बिल तुरंत जमा करने जैसे मैसेज आते हैं, तो आपके लिए Google का नया फीचर काम का हो सकता है। साइबर ठग ऐसे मैसेज के जरिए लोगों को फंसाते हैं और फिर उनसे OTP, बैंक की जानकारी या पैसे लेने की कोशिश करते हैं। कई बार शुरुआत में मैसेज नार्मल लगता है, लेकिन कुछ बातचीत के बाद ठग पेमेंट करने या किसी लिंक पर क्लिक करने के लिए कहते हैं।

इसी तरह की ठगी को के लिए Google Messages में Enhanced Protection नाम का नया सुरक्षा फीचर पेश किया जा रहा है। यह Gemini AI की मदद से अनजान नंबरों से होने वाली बातचीत में ठगी के संकेत पहचानने और संदिग्ध लिंक को चेक करने में मदद करेगा। इस फीचर की खास बात यह है कि यह सिर्फ किसी एक मैसेज के शब्दों पर निर्भर नहीं रहता, बल्कि बातचीत को भी समझने की कोशिश करता है। इससे उन स्कैम की पहचान करने में मदद मिल सकती है, जिनमें ठग पहले भरोसा जीतते हैं और फिर पर्सनल डिटेल या पैसे मांगते हैं।

क्या है Google Messages का नया Enhanced Protection फीचर?

Google Messages Android फोन में SMS और RCS मैसेज भेजने और पाने के लिए इस्तेमाल होने वाला ऐप है। इसमें पहले से ही स्पैम और संदिग्ध मैसेज की पहचान करने वाले सुरक्षा ऑप्शन मौजूद हैं। अब Google Enhanced Protection के जरिए इन सुरक्षा उपायों को और बेहतर बनाने की तैयारी कर रहा है। यह फीचर खास तौर पर उन मामलों में मदद कर सकता है, जहां ठग अनजान नंबर से कांटेक्ट करके धीरे-धीरे यूजर का भरोसा जीतते हैं।

उदाहरण के लिए, कोई व्यक्ति खुद को कूरियर कंपनी का कर्मचारी बताकर कह सकता है कि आपका पार्सल डिलीवर नहीं हो पा रहा है। इसके बाद वह एक लिंक भेजकर छोटी-सी फीस जमा करने या पर्सनल जानकारी भरने के लिए कह सकता है। इसी तरह, बैंक अधिकारी बनकर कोई व्यक्ति KYC अपडेट करने का दबाव डाल सकता है। Enhanced Protection बातचीत में ऐसे संकेतों को पहचानने की कोशिश करेगा और जरूरत पड़ने पर यूजर को चेतावनी देगा।

Gemini AI बातचीत से कैसे पकड़ेगा ठगी

इस फीचर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह सिर्फ एक मैसेज को देखकर फैसला करने के बजाय अनजान नंबर के साथ चल रही बातचीत को भी समझने में मदद करेगा। मान लीजिए कि किसी अनजान नंबर से आपको मैसेज आता है कि आपका पार्सल पहुंचने वाला है। शुरुआत में यह मैसेज नार्मल लग सकता है। लेकिन कुछ समय बाद सामने वाला व्यक्ति आपसे OTP मांगता है या किसी अनजान वेबसाइट पर पेमेंट करने को कहता है।

Google के मुताबिक, Enhanced Protection में कंपनी के क्लाउड बेस्ड Gemini AI मॉडल का इस्तेमाल किया जाएगा। हालांकि, AI की चेतावनी को अंतिम फैसला नहीं मानना चाहिए। कोई संदिग्ध मैसेज पकड़ में न आए, तब भी वह ठगी का हिस्सा हो सकता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN