Home rss business hindi SBI के नतीजों ने मचाई हलचल! ₹21,121 करोड़ का मुनाफा, क्या अब...

SBI के नतीजों ने मचाई हलचल! ₹21,121 करोड़ का मुनाफा, क्या अब ₹1,300 तक जाएगा शेयर?

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

SBI Q1FY27 Results: देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही यानी अप्रैल-जून 2026 के नतीजे जारी कर दिए हैं। बैंक का प्रदर्शन बाजार की उम्मीदों से बेहतर रहा है। SBI ने पहली तिमाही में स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट ₹21,121 करोड़ दर्ज किया, जो पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले करीब 10.2% अधिक है। तिमाही आधार पर भी बैंक के मुनाफे में करीब 7.3% की बढ़ोतरी हुई है। बेहतर नतीजों के बाद SBI के शेयर में खरीदारी देखने को मिली और कारोबार के दौरान शेयर ₹1,124.50 के नए इंट्राडे हाई तक पहुंच गया। हालांकि, बाद में कुछ मुनाफावसूली देखने को मिली और शेयर करीब ₹1,097 पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से 1% से ज्यादा की तेजी है। ऐसे में अब बड़ा सवाल यह है कि मजबूत तिमाही नतीजों के बाद क्या SBI के शेयर में निवेश का मौका बन रहा है? आइए जरा विस्तार से समझते हैं।

मुनाफे के साथ NII में भी जोरदार बढ़ोतरी

SBI के तिमाही प्रदर्शन की सबसे बड़ी खासियत बैंक की मुख्य कमाई में हुई वृद्धि रही। बैंक का नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) यानी कर्ज से मिलने वाले ब्याज और जमा पर दिए जाने वाले ब्याज के बीच का अंतर सालाना आधार पर करीब 14.88% बढ़कर ₹46,992 करोड़ हो गया। वहीं, बैंक का ऑपरेटिंग प्रॉफिट करीब 9.77% बढ़कर ₹33,529 करोड़ रहा। इससे साफ है कि बैंक के मुख्य कारोबार में अच्छी मजबूती बनी हुई है।

SMC ग्लोबल सिक्योरिटीज की सीनियर रिसर्च एनालिस्ट सीमा श्रीवास्तव के मुताबिक, बैंक के मुनाफे को बेहतर ऑपरेटिंग प्रदर्शन और नेट इंटरेस्ट मार्जिन में सुधार से समर्थन मिला। पूरे बैंक का NIM तिमाही आधार पर 5 बेसिस प्वाइंट बढ़कर 2.86% हो गया, जबकि घरेलू NIM 7 बेसिस प्वाइंट सुधरकर 3% पहुंच गया। बैंक का रिटर्न ऑन असेट्स यानी ROA 1.11% और रिटर्न ऑन इक्विटी (Return on Equity) यानी ROE 17.87% रहा। ये आंकड़े बैंक की कमाई और पूंजी के इस्तेमाल की मजबूत स्थिति को दिखाते हैं।

कर्ज बांटने की रफ्तार भी मजबूत

SBI की बैलेंस शीट में भी अच्छी वृद्धि देखने को मिली है। बैंक के कुल एडवांस यानी दिए गए कर्ज में सालाना आधार पर करीब 18.63% की बढ़ोतरी हुई और यह बढ़कर ₹50.47 लाख करोड़ पहुंच गया। घरेलू एडवांस में करीब 18.15%, कॉरपोरेट एडवांस में 18.05% और विदेशी कार्यालयों के एडवांस में करीब 21.38% की वृद्धि दर्ज की गई।

रिटेल, एग्रीकल्चर और SME यानी RAM पोर्टफोलियो में भी अच्छी ग्रोथ देखने को मिली। इस पोर्टफोलियो में सालाना आधार पर करीब 18.20% की वृद्धि हुई। कृषि कर्ज 25.43%, SME कर्ज 22.33% और रिटेल पर्सनल लोन 15.15% बढ़े। इससे संकेत मिलता है कि बैंक की क्रेडिट ग्रोथ केवल किसी एक सेगमेंट पर निर्भर नहीं है, बल्कि अलग-अलग क्षेत्रों से मांग बनी हुई है।

जमा में भी हुआ इजाफा

बैंक के लिए सिर्फ कर्ज बढ़ना ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि जमा यानी डिपॉजिट में वृद्धि भी जरूरी होती है। SBI के कुल डिपॉजिट में सालाना आधार पर 9.73% की वृद्धि हुई और यह बढ़कर करीब ₹60.06 लाख करोड़ हो गया। CASA डिपॉजिट में भी 9.30% की वृद्धि हुई और 30 जून 2026 तक CASA रेशियो 39.24% रहा। वहीं रिटेल टर्म डिपॉजिट में 14.39% की मजबूत सालाना वृद्धि हुई।

विश्लेषकों के मुताबिक, जमा की लागत कम होने से SBI के मार्जिन को फायदा मिला है। बैंक ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए घरेलू NIM करीब 3% रहने का अनुमान बरकरार रखा है। इसके अलावा SBI ने विदेशी स्रोतों से भी फंड जुटाने पर जोर दिया है। बैंक ने करीब 6 अरब डॉलर के FCNR(B) डिपॉजिट जुटाए हैं और करीब 1.3 अरब डॉलर की विदेशी उधारी की है।

असेट क्वॉलिटी में कैसी रही स्थिति?

SBI की एसेट क्वॉलिटी भी कुल मिलाकर मजबूत बनी हुई है। सालाना आधार पर ग्रॉस स्लिपेज रेशियो में 20 बेसिस प्वाइंट की गिरावट आई और यह करीब 0.6% रहा। हालांकि, तिमाही आधार पर इसमें 13 बेसिस प्वाइंट की बढ़ोतरी हुई। ग्रॉस स्लिपेज करीब ₹7,050 करोड़ रहा, जिसमें कृषि, SME और पर्सनल बैंकिंग सेगमेंट का योगदान रहा।

बैंक का क्रेडिट कॉस्ट करीब 0.41% रहा। वहीं, प्रोविजन कवरेज रेशियो यानी PCR 74.20% और AUCA को शामिल करने पर 91.82% रहा। इसका मतलब है कि संभावित खराब कर्ज से निपटने के लिए बैंक के पास पर्याप्त प्रावधान मौजूद हैं। बैंक की पूंजी स्थिति भी आरामदायक बनी हुई है। CRAR 15.67%, टियर-I 13.90% और CET-1 12.89% रहा।

क्या SBI शेयर खरीदना चाहिए?

मजबूत तिमाही नतीजों के बाद SBI पर ब्रोकरेज का रुख भी सकारात्मक नजर आ रहा है। Systematix के विश्लेषक सिद्धार्थ राजपुरोहित ने SBI पर BUY रेटिंग बरकरार रखते हुए टारगेट प्राइस को पहले के ₹1,250 से बढ़ाकर ₹1,300 कर दिया है। उनके अनुसार बैंक की मजबूत क्रेडिट ग्रोथ, बेहतर NIM और मजबूत ऑपरेटिंग प्रदर्शन शेयर के लिए सकारात्मक संकेत हैं।

हालांकि, टेक्निकल चार्ट के आधार पर तस्वीर थोड़ी अलग है। एंजल वन (Angel One) के टेक्निकल एनालिस्ट हितेश राठी के मुताबिक SBI फिलहाल एक बड़े रेंज में कारोबार कर रहा है। ₹1,115-₹1,135 का स्तर शेयर के लिए अहम रेजिस्टेंस जोन है। अगर शेयर इस स्तर के ऊपर मजबूती से ब्रेकआउट करता है, तो इसमें आगे तेजी का नया ट्रेंड बन सकता है। वहीं, ₹940-₹950 का स्तर निचले स्तर पर मजबूत सपोर्ट जोन माना जा रहा है, यानी फिलहाल शेयर में तेजी की संभावना मौजूद है, लेकिन निर्णायक ब्रेकआउट के लिए ₹1,135 के ऊपर टिकना महत्वपूर्ण होगा।

SBI के Q1FY27 नतीजे बैंक की मजबूत स्थिति को दर्शाते हैं। मुनाफे में दोहरे अंक की वृद्धि, NII में करीब 15% की बढ़ोतरी, 18% के आसपास क्रेडिट ग्रोथ, बेहतर मार्जिन और मजबूत पूंजी पर्याप्तता बैंक के लिए सकारात्मक संकेत हैं। हालांकि, निवेशकों को शेयर की मौजूदा वैल्यूएशन, बाजार की स्थिति, ब्याज दरों और आगे की एसेट क्वॉलिटी को भी ध्यान में रखना चाहिए। ब्रोकरेज का ₹1,300 का टारगेट सकारात्मक संकेत देता है, लेकिन शॉर्ट टर्म में ₹1,115-₹1,135 का रेजिस्टेंस पार करना बेहद अहम रहेगा। निवेश का फैसला अपने जोखिम और वित्तीय लक्ष्य के अनुसार करना चाहिए।

नोट- किसी भी निवेश से पहले एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN