Home rss business hindi Stock Market Live: सेंसेक्स-निफ्टी की बिगड़ी चाल, RVNL कर रहा कमाल

Stock Market Live: सेंसेक्स-निफ्टी की बिगड़ी चाल, RVNL कर रहा कमाल

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Share Market Today Live 7 Sep 9:15 AM: शेयर मार्केट की शुरुआत आज सप्ताह के पहले दिन ही लाल निशान के साथ हुई। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 69 अंक नीचे 76446 के लेवल से हुई। जबकि, एनएसई का 50 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक निफ्टी 14 अंकों के नुकसान के साथ 23883 के लेवल पर खुला। RVNL के शेयर हरे निशान पर खुले और करीब डेढ़ प्रतिशत ऊपर 215.70 रुपये पर ट्रेड कर रहे थे।

Stock Market Today Live: भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत आज कमजोर रहने के आसार हैं। हालांकि, एशियाई बाजार आज सुबह अच्छी बढ़त के साथ खुले हैं और अमेरिकी वायदा में भी हल्की मजबूती दिखी है, लेकिन गिफ्ट निफ्टी करीब 62 अंक नीचे 23,985 के आसपास कारोबार कर रहा है, जो सेंसेक्स-निफ्टी के लिए नकारात्मक शुरुआत का संकेत देता है।

सेंसेक्स के लिए भविष्यवाणी

तकनीकी नजरिये से देखें तो सेंसेक्स के लिए 77,000 से 77,500 का दायरा पहली बड़ी रुकावट है और 77,700 से 78,000 का स्तर अहम है। अगर सेंसेक्स 78,000 के ऊपर मजबूती से टिक जाता है तो रिकवरी तेज हो सकती है और यह 78,500 से 78,800 तक जा सकता है।

निफ्टी के लिए भविष्यवाणी

निफ्टी के लिए 23,800 से 23,600 का स्तर सपोर्ट का काम करेगा, जबकि 24,000 से 24,200 का दायरा बड़ा रेजिस्टेंस है। अगले हफ्ते निफ्टी के 23,600 से 24,200 के बीच रहने की संभावना है और रुझान थोड़ा कमजोर यानी साइडवेज से लेकर मंदी की तरफ रह सकता है।

24,000 के नीचे बने रहने पर बिकवाली का दबाव बढ़ सकता है, जबकि 24,200 के ऊपर जाने पर ही बाजार की कमजोर छवि बदल सकती है। ऐसे में निवेशकों को सलाह है कि वे आक्रामक दांव लगाने से बचें और अच्छे शेयरों पर ही ध्यान दें।

आज फोकस में रहेंगे ये स्टॉक्स

आज कुछ कंपनियों पर निवेशकों की नजर रहेगी, जिनमें रेल विकास निगम यानी आरवीएनएल, ल्यूपिन, टाटा मोटर्स, मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स और जेएसडब्ल्यू स्टील जैसे नाम शामिल हैं। इनसे जुड़े बिजनेस अपडेट, नए ऑर्डर या फंड जुटाने की खबरों पर बाजार की प्रतिक्रिया देखने को मिल सकती है। कुल मिलाकर बाजार अभी भी सुधार के दौर में है और तेजी के लिए ठोस सकारात्मक संकेतों का इंतजार करना होगा।

ये फैक्टर्स भी बाजार की चाल को करेंगे प्रभावित

तेल की कीमतों में उछाल: अमेरिका और ईरान के बीच होर्मुज स्ट्रेट के आसपास जहाजों पर हो रहे हमलों की वजह से सप्लाई बाधित होने की चिंता बनी हुई है। ब्रेंट क्रूड 96.80 डॉलर प्रति बैरल और डब्ल्यूटीआई 92.14 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंच गया है। पिछले हफ्ते ब्रेंट करीब 7.8 फीसदी और डब्ल्यूटीआई करीब 10 फीसदी चढ़ा था।

एशियन मार्केट: एशियाई बाजारों में आज अच्छी तेजी दिख रही है, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 3 फीसदी से ज्यादा चढ़ा है, जापान का निक्की करीब 1 से 2 फीसदी मजबूत है और ताइवान का बाजार भी डेढ़ फीसदी से ज्यादा ऊपर है। अमेरिकी बाजार सोमवार को छुट्टी की वजह से बंद रहेंगे।

कैसा रहा पिछला हफ्ता

पिछले हफ्ते भारतीय बाजार दबाव में रहा। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें, जियो-पॉलिटिकल टेंशन और वैश्विक ब्याज दरों को लेकर अनिश्चितता की वजह से निवेशकों का भरोसा कमजोर रहा। शुक्रवार को बाजार में हल्की रिकवरी जरूर दिखी और लगातार चार दिनों की गिरावट थमी, लेकिन विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली और ऊर्जा की ऊंची लागत की चिंता से तेजी टिक नहीं पाई।

पूरे हफ्ते में निफ्टी करीब 1.15 फीसदी गिरकर 23,897 पर और सेंसेक्स करीब 1 फीसदी टूटकर 76,515 पर बंद हुआ। यह लगातार चौथा हफ्ता था, जब दोनों इंडेक्स गिरे हैं। हालांकि, छोटी कंपनियों वाले शेयरों में थोड़ी मजबूती रही, जबकि मिडकैप इंडेक्स हल्की गिरावट के साथ बंद हुआ।

(डिस्‍क्‍लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। शेयर मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN