Source :- LIVE HINDUSTAN

UK सरकार ने 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए TikTok, Instagram, Snapchat और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बैन लगा दिया है। 

सोशल मीडिया आज बच्चों और किशोरों की जिंदगी का बड़ा हिस्सा बन चुका है। TikTok, Instagram, Snapchat और YouTube जैसे प्लेटफॉर्म पर हर दिन करोड़ों बच्चे घंटों समय बिताते हैं। लेकिन अब UK के प्रधानमंत्री Keir Starmer ने ने साफ कहा है कि 16 साल से कम उम्र के बच्चों को सिर्फ TikTok, Instagram और Snapchat ही नहीं बल्कि ज्यादातर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से दूर रखा जाएगा। सरकार का मानना है कि मौजूदा ऑनलाइन सिस्टम बच्चों की सुरक्षा करने में नाकाम रहा है और अब बड़े बदलाव की जरूरत है।

सरकार का कहना है कि बच्चों को ऑनलाइन खतरों, साइबर बुलिंग, मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं और सोशल मीडिया की लत से बचाने के लिए यह कदम जरूरी है। इस प्रस्ताव के तहत TikTok, Instagram, Snapchat, Facebook, X और YouTube जैसे प्लेटफॉर्म्स पर 16 साल से कम उम्र के बच्चों की पहुंच सीमित की जा सकती है। हालांकि WhatsApp और Signal जैसे मैसेजिंग ऐप्स को इस प्रतिबंध से बाहर रखा जा सकता है क्योंकि इन्हें सोशल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म की बजाय कम्युनिकेशन टूल माना जा रहा है। बता दें कि सिर्फ UK नहीं कई और देश भी बच्चों के लिए सोशल मीडिया बैन कर चुके हैं।

सरकार क्यों उठा रही यह कदम

पिछले कुछ वर्षों में सोशल मीडिया के बच्चों पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर चिंता बढ़ी है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि अत्यधिक सोशल मीडिया इस्तेमाल से तनाव, चिंता, नींद की समस्या और साइबर बुलिंग जैसी परेशानियां बढ़ सकती हैं। UK सरकार का कहना है कि कई प्लेटफॉर्म्स ऐसे एल्गोरिदम का इस्तेमाल करते हैं जो बच्चों को लंबे समय तक स्क्रीन से जोड़े रखते हैं। यही वजह है कि सरकार डिजिटल सुरक्षा नियमों को और सख्त बनाना चाहती है।

जल्द इन चीजों पर भी लग सकता है बैन

रिपोर्ट्स के अनुसार सरकार सिर्फ सोशल मीडिया बैन तक सीमित नहीं रहना चाहती। 16 से 18 साल के किशोरों के लिए भी कुछ विशेष नियम लाने की तैयारी है। सरकार गेमिंग प्लेटफॉर्म्स को भी नियमों के दायरे में लाने की तैयारी कर रही है। कई ऑनलाइन गेम्स में बच्चों को अनजान लोगों से बातचीत करने की सुविधा मिलती है। सरकार उन AI चैटबॉट्स पर भी सख्ती करना चाहती है जो रोमांटिक या संवेदनशील बातचीत का अनुभव देते हैं।

दुनिया के दूसरे देशों में भी बढ़ रही सख्ती

पिछले एक साल में दुनिया के कई देशों ने बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर बड़े कदम उठाए हैं। सबसे पहले ऑस्ट्रेलिया ने दिसंबर 2025 में 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लागू किया था। इस कानून के तहत TikTok, Instagram, Facebook, Snapchat, YouTube और X जैसे प्लेटफॉर्म्स को यह सुनिश्चित करना होगा कि 16 साल से कम उम्र के बच्चे उनके प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल न कर सकें। ऑस्ट्रेलिया के बाद अब फ्रांस भी इसी राह पर आगे बढ़ रहा है। फ्रांस की सरकार 15 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया बैन लागू करने की तैयारी कर रही है। यूरोप के कई अन्य देशों में भी इसी तरह की चर्चा चल रही है। डेनमार्क, ग्रीस, ऑस्ट्रिया और यूरोपीय संघ (EU) के कुछ सदस्य देश बच्चों के लिए मिनिमम आगे लिमिट तय करने या माता-पिता की परमिशन को जरूरी बनाने जैसे ऑप्शन पर विचार कर रहे हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN