Source :- LIVE HINDUSTAN
दिवाली के खास मौके पर कार-बाइक का ऑफर देखकर खरीदने का प्लान जल्दबाजी में ना बनाएं। अगर आप गाड़ी फाइनेंस कराने का सोच रहे हैं, तो ईएमआई बनवाने से पहले कुछ चीजों पर गौर करें।
दिवाली के मौके पर कई लोग नई कार या बाइक खरीदने का प्लान बनाते हैं। इस दौरान ऑटो कंपनियों और डीलरशिप की ओर से कई तरह के ऑफर भी आते हैं। वहीं, जो लोग एक साथ पूरी रकम खर्च नहीं करना चाहते, वे गाड़ी खरीदने के लिए लोन या EMI का ऑप्शन चुन लेते हैं। लेकिन कम EMI देखकर जल्दबाजी में फैसला लेना कई बार आपकी जेब और बजट को हिला सकता है। गाड़ी की कीमत के अलावा ब्याज, इंश्योरेंस, पेट्रोल-डीजल और मेंटेनेंस जैसे खर्च भी आपके बजट को बढ़ा सकते हैं। ऐसे में अगर आप इस दिवाली कार या बाइक खरीदने का प्लान कर रहे हैं, तो फाइनेंस कराने से पहले इन 5 गलतियों से जरूर बचें।
1. सिर्फ कम EMI देखकर लोन न लें
कार या बाइक खरीदते समय कई लोग सबसे पहले यह देखते हैं कि हर महीने कितनी EMI चुकानी होगी। कम EMI देखकर लगता है कि गाड़ी खरीद लेनी चाहिए। लेकिन यह जरूरी नहीं कि ऐसा लोन आपके लिए सबसे सस्ता हो। लोन चुकाने का समय जितना लंबी होगा, कुल ब्याज भी उतना ज्यादा लगेगा। इसलिए लोन लेने से पहले इंटरेस्ट, टाइम और कुल भुगतान की तुलना जरूर करें। साथ ही ऐसी EMI चुनें जिसे चुकाने में हर महीने के जरूरी खर्चों पर असर न पड़े।
2. डाउन पेमेंट के लिए सारी बचत खर्च न करें
गाड़ी फाइनेंस कराते समय डाउन पेमेंट यानी शुरुआत में दी जाने वाली रकम का ध्यान रखना भी बेहद जरूरी है। ज्यादा डाउन पेमेंट देने से लोन की रकम और EMI कम हो सकती है। लेकिन इसके लिए अपनी पूरी बचत खर्च कर देना आपको मुश्किल में डाल सकता है। अगर किसी और चीज में पैसों की जरूरत हुई तो आपके पास सेविंग्स नहीं होगी। इसलिए कार या बाइक खरीदने से पहले ऐसा बजट बनाएं, जिससे डाउन पेमेंट देने के बाद भी आपके पास इमरजेंसी के लिए पैसा बचा रहे।
3. लोन की शर्तें भी पढ़ें
कई बार लोग सिर्फ ब्याज दर और EMI देखकर लोन ले लेते हैं, जबकि लोन से जुड़ी दूसरी फीस पर ध्यान नहीं देते। कार या बाइक फाइनेंस कराने से पहले प्रोसेसिंग फीस, लागू डॉक्यूमेंटेशन चार्ज और बाकि चीजों की जानकारी जरूर लें। यह भी समझें कि ब्याज दर फिक्स्ड है या फ्लोटिंग और समय से पहले लोन चुकाने पर कोई फीस लगेगी या नहीं। अलग-अलग बैंक और फाइनेंस कंपनियों के ऑफर की तुलना करने से आपको बेहतर ऑप्शन चुनने में मदद मिल सकती है।
4. लोन का टाइम भी सही से तय करें
लोन का टाइम चुनते समय सिर्फ कम EMI को प्राथमिकता देना एक बड़ी गलती हो सकती है। लंबा समय लेने पर हर महीने किश्त कम हो सकती है, लेकिन कुल ब्याज ज्यादा चुकाना पड़ सकता है। वहीं, छोटी अवधि में EMI ज्यादा हो सकती है। अपनी सैलरी, घर के खर्चों को ध्यान में रखते हुए किश्त बनवाएं।
5. दिवाली ऑफर देखकर तुरंत बुकिंग न करें
दिवाली के दौरान कार और बाइक पर कैश डिस्काउंट, एक्सचेंज बोनस या फाइनेंस से जुड़े ऑफर मिल सकते हैं। लेकिन हर ऑफर हर ग्राहक के लिए लागू हो, यह जरूरी नहीं है। इसलिए बुकिंग से पहले ऑफर की शर्तें पढ़ें और पता करें कि छूट मिलने के लिए कोई खास फाइनेंस स्कीम है या नहीं। गाड़ी की ऑन-रोड कीमत में इंश्योरेंस, रजिस्ट्रेशन और दूसरे लागू शुल्क भी शामिल करके हिसाब लगाएं। सिर्फ ऑफर के चक्कर में ना पड़े, अपने बजट के हिसाब से कार-बाइक खरीदें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




