Home LIFESTYLE NEWS HINDI लाल मिर्च की जगह क्यों खानी चाहिए हरी मिर्च? डॉ शुभम ने...

लाल मिर्च की जगह क्यों खानी चाहिए हरी मिर्च? डॉ शुभम ने बताए कमाल के फायदे!

7
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

खाने में तीखापन लाने के लिए हरी मिर्च का इस्तेमाल खूब किया जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि सेहत के लिए भी ये काफी फायदेमंद है? जाने माने गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट ने हरी मिर्च खाने के फायदे बताए हैं, साथ ही ज्यादा सेवन से होने वाली कुछ परेशानियों का भी जिक्र किया है।

भारतीय खाने को मसालों का तीखापन खास बनाता है। इसके लिए कई लोग लाल मिर्च का इस्तेमाल करते हैं, तो वहीं कुछ हरी मिर्च डालना पसंद करते हैं। हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो हरी मिर्च सेहत के लिए ज्यादा फायदेमंद होती है। इसमें विटामिन सी, विटामिन ए और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं। यही वजह है कि सीमित मात्रा में हरी मिर्च खाना सेहत के लिहाज से काफी फायदेमंद हो सकता है। एक इंस्टग्राम पोस्ट के जरिए जाने-माने गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ शुभम वात्स्य ने हरी मिर्च खाने के कई फायदों के बारे में बताया है। डॉक्टर के मुताबिक पतली हरी तीखी मिर्च हेल्दी डाइट का एक हिस्सा हो सकती है। लेकिन अगर ज्यादा मात्रा में इसे खाया जाए तो एसिडिटी और सीने में जलन जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। आइए विस्तार में जानते हैं।

हरी मिर्च खाने के फायदे क्या हैं?

विटामिन सी का अच्छा सोर्स है हरी मिर्च

डॉ शुभम कहते हैं कि पतली तीखी हरी मिर्च पोषक तत्वों का खजाना है। इसमें विटामिन सी भरपूर मात्रा में होता है, जो कोलेजन के निर्माण में अहम भूमिका निभाता है। इसके अलावा विटामिन सी इम्यूनिटी को बूस्ट करने में भी मदद करता है। साथ ही आयरन एब्जॉरपशन के लिए भी बहुत जरूरी है। डॉक्टर कहते हैं कि इसलिए दाल और सब्जी के साथ हरी मिर्च खाना प्लांट बेस्ड आयरन एब्जॉरपशन को सपोर्ट करता है।

हरी मिर्च में होता है कैप्साइसिन नामक कंपाउंड

डॉक्टर बताते हैं कि हरी मिर्च में कैप्साइसिन (Capsaicin) नाम का कंपाउंड पाया जाता है, जो इसे तीखा स्वाद देता है। ये कंपाउंड बॉडी के TRPV1 रिसेप्टर्स को एक्टिवेट करता है। ये रिसेप्टर्स गर्मी और दर्द के संकेतों को पहचानने में मदद करते हैं। इनके एक्टिवेट होने से शरीर में एनर्जी एक्सपेंडिचर यानी ऊर्जा की खपत स्थायी रूप से बढ़ सकती है। हालांकि इसका मतलब ये नहीं है कि सिर्फ हरी मिर्च खा कर वजन कम किया जा सकता है।

बीटा-कैरोटीन जैसे कैरोटीनॉयड्स पाए जाते हैं

डॉ शुभम बताते हैं कि हरी मिर्च में बीटा कैरोटीन जैसे कैरोटीनॉयड्स भी पाए जाते हैं। बीटा-कैरोटीन शरीर में विटामिन ए में बदल सकता है, जो आंखों की सेहत और इम्यून सिस्टम को बेहतर बनाए रखने में मदद करता है। ये खासतौर से अंधेरे में देखने यानी नाइट विजन के लिए जरूरी है।

ज्यादा मात्रा में हरी मिर्च बन सकती है समस्या

डॉक्टर के मुताबिक हरी मिर्च हेल्दी डाइट का एक हिस्सा बन सकती है, लेकिन इसे जरूरत से ज्यादा खाने से बचना चाहिए। खासकर अगर आपका पाचन कमजोर है या एसिड रिफ्लक्स की समस्या है तो ज्यादा हरी मिर्च खाने से एसिडिटी, सीने में जलन और पेट में इरीटेशन जैसी समस्याएं ट्रिगर हो सकती हैं।

लाल मिर्च की जगह खाने में करें इस्तेमाल

रोज के खाने में तीखापन लाने के लिए आप लाल मिर्च पाउडर की जगह हरी मिर्च का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसे सब्जी, दाल, चटनी और सलाद के रूप में शामिल किया जा सकता है। हालांकि इसकी मात्रा का ध्यान रखना बेहद जरूरी है।

नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसे किसी भी तरह से पेशेवर मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या मेडिकल कंडीशन से जुड़े सवालों के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर मौजूद यूजर-जनरेटेड कंटेंट पर आधारित है। लाइव हिन्दुस्तान ने इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है और न ही इनका समर्थन करता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN