Source :- LIVE HINDUSTAN
इससे पहले ईरान के राष्ट्रपति और ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के बीच अनबन की खबरों सामने आई थीं। अब खबर है कि ईरानी सुप्रीम लीडर ने ईरानी राष्ट्रपति को आखिरी चेतावनी दे दी है।
ईरान बीते 6 महीने से अमेरिका के खिलाफ जंग लड़ रहा है। दोनों देशों के बीच तनाव अब तक कम नहीं हुआ है। इस बीच ईरान के शीर्ष नेतृत्व को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरानी हुकूमत में आई दरार अब काफी गहरा गई है और अब इस पर ईरानी सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई का बयान भी सामने आया है। मोजतबा खामेनेई ने कथित तौर पर राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान को अंतिम चेतावनी जारी कर दी है।
जानकारी के मुताबिक सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने एक तरफ जहां मसूद पेजेशकियन को चेतावनी दी है वहीं इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के कमांडर अहमद वहीदी को अपना पूरा समर्थन दिया है। खामेनेई ने पेजेशकियन को चेतावनी दी है कि अगर उन्होंने दोबारा इस्तीफे की धमकी दी, तो उन्हें तुरंत पद से हटा दिया जाएगा। वॉशिंगटन स्थित ‘इंस्टीट्यूट फॉर द स्टडी ऑफ वॉर’ (ISW) ने वरिष्ठ धर्मगुरु मोहम्मद बाकिर खाराजी के हवाले से बताया कि मोजतबा ने पेजेशकियन को अल्टीमेटम दिया है कि वे इस्तीफे की धमकी देकर नीतियों को प्रभावित न करें।
पेजेशकियन ने दी थी धमकी
गौरतलब है कि इससे पहले मसूद पेजेशकियन ने शीर्ष नेतृत्व में चल रही अनबन को लेकर कई बार इस्तीफा देने की बात कही है। इजरायली चैनल 14 की एक रिपोर्ट के मुताबिक ईरानी राष्ट्रपति ने सुरक्षा और विदेश नीति के फैसलों में अपनी अनदेखी से नाराज होकर पहले भी इस्तीफे की पेशकश की थी। उन्होंने बीते मई और जून महीने में सुप्रीम लीडर को आधिकारिक पत्र लिखकर पद छोड़ने की इच्छा भी जताई थी। हालांकि उन्होंने आधिकारिक रूप से अपना इस्तीफा नहीं सौंपा।
IRGC हुई पावरफुल
इस बीच खबरों की मानें तो ईरान की विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े फैसलों में IRGC कमांडर अहमद वहीदी की पकड़ मजबूत हो गई है और राष्ट्रपति पेजेश्कियान के फैसलों को हाशिए पर धकेल दिया गया है। अब सर्वोच्च नेता ने भी IRGC को अधिक अधिकार दे दिए हैं। ऐसे में अमेरिका के प्रति ईरान का रुख और आक्रामक हो सकता है। इस सप्ताह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार समझौते के लिए कूटनीति के रास्ते पर लौटने की बात कही है। हालांकि IRGC हमेशा से ही अमेरिका से बातचीत करने में यकीन नहीं रखता है।
बातचीत पर क्या अपडेट?
नेतृत्व में अनबन की खबरों के बीच ईरान ने कहा है अमेरिका से उसकी कोई बात नहीं चल रही है। ईरान ने डोनाल्ड ट्रंप के दावे को झूठा बताया है। हालांकि कुछ रिपोर्ट्स की माने तो दोनों देशों के बीच अप्रत्यक्ष बातचीत चल रही है, जिसमें कतर, सऊदी अरब और UAE अहम भूमिका निभा रहे हैं। वहीं ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची अमेरिकी दूतों के साथ अप्रत्यक्ष संपर्क में हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




