Home rss world hindi ईरान से तनातनी के बीच यूएई पहुंच गए इजरायली पीएम नेतन्याहू, राष्ट्रपति...

ईरान से तनातनी के बीच यूएई पहुंच गए इजरायली पीएम नेतन्याहू, राष्ट्रपति के साथ सीक्रेट मीटिंग

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

पश्चिम एशिया में तनाव के बीच इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू अचानक यूएई पहुंच गए। जानकारी के मुताबिक उनकी राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाह्यान के साथ सीक्रेट मीटिंग भी हुई।

पश्चिमी एशिया में तनाव के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू रविवार को अचानक अबू धाबी पहुंच गए। यूएई के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ उनकी मुलाकात हुई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बंद दरवाजे के पीछे हुई इस बैठक पर किसी तरह का आधिकारिक बयान नहीं जारी किया गया है। हारेत्ज की रिपोर्ट के मुताबिक 7 अक्टूबर 2023 में हुए हमले के एक सप्ताह पहले ही यूएई ने इजरायल को आगाह किया था।

बेंजामिन नेतन्याहू ने ऐसी किसी भी रिपोर्ट से इनकार किया है। वहीं इजरायली सेना का भी कहना है कि ऐसी कोई भी रिपोर्ट सेना या फिर खुफिया एजेंसियों तक नहीं पहुंचाई गई थी। यूएई का कहना है कि 2020 में इजरायल के साथ राजनयिक संबंध स्थापित होने के बाद दोनों देशों में लगातार बातचीत होती है। यूएई ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर आपस में संपर्क स्थापित होता रहता है।

पहले भी चुपचाप यूएई का दौरा कर चुके हैं नेतन्याहू

इससे पहले भी नेतन्याहू शेख मोहम्मद के साथ सीक्रेट मीटिंग कर चुके हैं। उस समय यूएई ने ऐसे किसी दौरे से ही इनकार कर दिया था। बाद में पता चला था कि ओमान के पास ऐन शहर में दोनों की मुलाकात हुई थी।

इजरायल के चुनाव पर असर

आपको बता दें कि इस समय इजरायल में चुनावी प्रक्रिया चल रही है और नेतन्याहू के लिए चुनाव जीतना आसान नहीं माना जा रहा है। इजरायल के विपक्षी नेताओं का कहना है कि 7 अक्टूबर को हमास ने जो भी तांडव मचाया वह केवल नेतन्याहू की लापरवाही की वजह से संभव हो पाया। वहीं नेतन्याहू ने हारेट्ज की रिपोर्ट को खारिज करते हुए कहा कि यूएई की तरफ से कोई सीक्रेट जानकारी दी ही नहीं गई थी।

यूएन में नेतन्याहू ने इन आरोपों को भी कड़ाई से खारिज कर दिया कि इज़रायल गाज़ा में नरसंहार कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह युद्ध “नरसंहार नहीं है – बल्कि यह नरसंहार के ठीक उलट है”। इज़रायल ने हमेशा इस बात से इनकार किया है कि गाज़ा में उसकी कार्रवाई नरसंहार के बराबर है, उसका कहना है कि उसका सैन्य अभियान आत्मरक्षा के लिए जायज़ है। इज़रायल का यह हमला 7 अक्टूबर, 2023 को हमास के हमले के बाद शुरू हुआ था, जिसमें लगभग 1,200 लोग मारे गए थे और 251 लोगों को बंधक बना लिया गया था।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN