Home LIFESTYLE NEWS HINDI सर्दियों के लिए हेल्दी नाश्ता है मूंगदाल और पालक का चीला, प्रोटीन...

सर्दियों के लिए हेल्दी नाश्ता है मूंगदाल और पालक का चीला, प्रोटीन और आयरन से भरपूर, जान लें बनाने का तरीका

6
0

Source :- INDIATV NEWS

ठंड के दिनों में कुछ अच्छा खाने का मन है तो नाश्ते में मूंगदाल और पालक का चीला बनाकर खा सकते हैं। मूंग दाल का चीला तो आपने कई बार खाया होगा, लेकिन इसमें पालक का ट्विस्ट इस नाश्ते को और भी मजेदार बना देता है। इस नाश्ते से आपके शरीर को भरपू प्रोटीन और आयरन मिलता है। सबसे अहम बात ये है कि इस नाश्ते में काफी कम कैलोरी होती हैं, जिससे वजन घटाने में आसानी होती है। डाइटिंग करने वाले या वजन घटाने की चाहत रखने वाले लोग इसे अपने वेट लॉस डाइट में शामिल कर सकते हैं। इस नाश्ते को बनाना भी बेहद आसान है। मूंगदाल और पालक का चीला बनाने की आसान रेसिपी आपको एक बार जरूर ट्राई करनी चाहिए।

मूंगदाल और पालक का चीला रेसिपी

पहला स्टेप- मूंगदाल और पालक का चीला बनाने के लिए आप छिलके वाली मूंगदाल का इस्तेमाल करें। आप चाहें तो साबुत मूंगदाल भी इसके लिए ले सकते हैं। सिर्फ ध्यान रखें साबुत मूंगदाल को पूरी रात पानी में भिगोकर छोड़ दें। अगर छिलका मूंगदाल का इस्तेमाल कर रहे हैं तो इसे 3-4 घंटे भिगोना भी काफी होगा। अब दाल को पानी से एक दो बार अच्छी तरह से धो लें। 

दूसरा स्टेप- सारा पानी निकालकर दाल को पीस लें। पीसते वक्त दाल में आधा छोटा कप पानी, 2 हरी मिर्च, 3-4 कली लहसुन, एक छोटा टुकड़ा अदरक डाल दें। फ्लेवर के लिए जीरा और नमक मिला दें। अब दाल को मिक्सी में पीसकर अच्छा बैटर जैसा बना लें, जिससे चीला बनाए जा सकें। तैयार बैटर को किसी बाउल में निकालकर थोड़ा फेंट लें।

तीसरा स्टेप- अब ताजा पालक के पत्ते लें और उन्हें धोकर बारीक काट लें। कटे हुए पालक को मूंगदाल वाले मिक्स में डालें और दोनों चीजों को अच्छी तरह से मिला लें। आप चाहें तो कटे हुए पालक को थोड़ा स्टीम करके भी दाल के बैटर में डाल सकते हैं। सारी चीजों को मिक्स करके तवे पर चीला फैलाएं। 

चौथा स्टेप- मूंगदाल और पालक के चीला को एक तरफ से अच्छी तरह सेंक लें और फिर धीरे से इस पलट दें। जब चीला दूसरी तरफ से भी सिंक जाए तो इसे निकाल लें। इसी तरह आपको सारे चीला बनाकर तैयार करने हैं। इन्हें आप हरी चटनी, सॉस या अचार और चाय के साथ भी खा सकते हैं। ये सर्दियों के लिए सुपर हेल्दी नाश्ता है।

SOURCE : INDIATV NEWS