Home rss world hindi 180 यात्रियों की जिंदगी…’9/11′ जैसे हमले का खतरा; फ्लाईदुबई के भारतीय कैप्टन...

180 यात्रियों की जिंदगी…’9/11′ जैसे हमले का खतरा; फ्लाईदुबई के भारतीय कैप्टन ने ऐसे टाला बड़ा हादसा

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

दुबई से तेल अवीव जा रहे फ्लाईदुबई के विमान एफजेड 1073 को बुधवार को सऊदी अरब के तबूक में आपात लैंडिंग करानी पड़ी। इजराइली मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, विमान के दोनों पायलटों के बीच कॉकपिट में झगड़ा हुआ। भारतीय कैप्टन ने विमान को गिरने से बचाया

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में कॉकपिट के अंदर जो हुआ, उसे इजराइली मीडिया अब बड़ी तबाही से बचे मामले के रूप में बता रहा है। यूं कहें तो 9/11 से तुलना किया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ओमानी को-पायलट पर विमान गिराने की कोशिश का आरोप है। दूसरी ओर चाकू लगने के बाद भी भारतीय कैप्टन ने सूझबूझ दिखाई और प्लेन को संभाला। इसके बाद यात्रियों में सवार दो ऑफ-ड्यूटी पायलटों ने विमान को सऊदी अरब के तबूक में उतारा। इस वजह से 180 से ज्यादा लोगों की जान बच गई। इजरायली मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, कॉकपिट में भारतीय कैप्टन और ओमानी को-पायलट के बीच झगड़ा हुआ था था। चाकू लगने के बाद भी भारतीय कैप्टन ने विमान को संभाला और उसे क्रैश होने से बचा लिया।

विमान में क्या हुआ था?

इजराइल के वाईनेट न्यूज और चैनल 12 की रिपोर्ट के मुताबिक, जिस कैप्टन ने को-पायलट से लड़ाई की, वह भारतीय नागरिक है। चैनल 12 ने उसे भारतीय मूल का बताया है, जबकि वाईनेट ने साफ कहा है कि वह भारतीय नागरिक है। शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार कैप्टन पर चाकू से हमला हुआ। इसके बाद भी उन्होंने जवाबी कार्रवाई की और विमान को गिरने से बचाया। यात्रियों में ज्यादातर इजरायली नागरिक थे। यात्रियों ने चैनल 12 को फोन पर बताया कि उन्होंने विमान के आगे वाले हिस्से से चीखने की आवाजें सुनीं। उन्होंने पायलटों के बीच कहासुनी भी सुनी। उनके अनुसार, सऊदी अरब में उतरने से पहले विमान अचानक काफी नीचे झुक गया था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इजरायल ने लड़ाकू विमान भेजे थे, क्योंकि उसे विमान अपहरण की आशंका हुई थी। विमान में उसके कई नागरिक सवार थे।

उड़ान का रास्ता कैसे बदला?

सार्वजनिक उड़ान निगरानी आंकड़ों के अनुसार, फ्लाईदुबई के विमान ने उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही आपात संकेत भेजा। दुबई से उड़ान भरने के करीब ढाई घंटे बाद विमान एक मिनट के अंदर 33,000 फीट की ऊंचाई से तेजी से नीचे आकर 17,000 फीट पर पहुंच गया। फ्लाइटरडार24 के अनुसार इसके बाद विमान ने जॉर्डन की सीमा के पास अजीब तरीके से चक्कर लगाए और करीब एक घंटे बाद तबूक में उतरा। तबूक में नागरिक और सैन्य हवाई अड्डा दोनों हैं।

फ्लाईदुबई ने बाद में पुष्टि की कि बेन गुरियन हवाई अड्डे जा रही फ्लाइट एफजेड 1073 में तकनीकी या आपात घटना हुई, जिसके बाद विमान को तबूक में सुरक्षित उतारा गया। कंपनी ने कहा कि उसकी टीम संबंधित अधिकारियों के साथ काम कर रही है। और पुख्ता जानकारी मिलने पर आगे का ब्योरा दिया जाएगा। बता दें कि यह विमान बोइंग 737 मैक्स 8 मॉडल का था। फ्लाईदुबई अमीरात एयरलाइंस की कम लागत वाली सहयोगी कंपनी है। इसके बेड़े में सिर्फ बोइंग 737 श्रृंखला के विमान हैं। कंपनी के पास करीब 100 विमान हैं, जिनमें से 69 मैक्स 8 मॉडल के हैं। यह दो इंजन वाला सिंगल-आइल विमान है, जिसका दुनिया भर में काफी इस्तेमाल होता है।

किन बातों पर चल रही जांच?

ओमानी को-पायलट अब जांच के दायरे में है। मुख्य सवाल यह है कि उसे इजराइल जाने वाली फ्लाइट में कैसे अनुमति मिली। रिपोर्ट के अनुसार सभी विदेशी क्रू मेंबर, खासकर अरब या खाड़ी देशों के कर्मचारी, इजरायली एयरस्पेस में घुसने या इजरायल में उतरने से पहले सख्त और व्यक्तिगत सुरक्षा जांच से गुजरते हैं। जांच करने वाले यह भी देख रहे हैं कि क्या उसके पास दोहरी नागरिकता थी, जिससे वह इस फ्लाइट में सवार हो सका। चैनल 12 ने इजराइली सूत्रों के हवाले से बताया कि वह एक साल से भी कम समय से एयरलाइन में काम कर रहा था। वाईनेट न्यूज के अनुसार दोनों पायलट अभी सऊदी अरब के तबूक के एक अस्पताल में भर्ती हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN